Movie prime

शाम 4 बजे पंचतत्व में विलीन होंगे रतन टाटा, आखिरी दर्शन के लिए उमड़ी भीड़

 
ratan tata

दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा अपनी अंतिम यात्रा पर चल पड़े हैं। तस्वीरें गवाही दे रही हैं कि उन्हें एक आखिरी बार देखने के लिए मुंबई थम सी गई हो। कोलाबा स्थित टाटा के आवास से लेकर NCPA तक लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। शाम 4 बजे वर्ली स्थित श्मशान घाट में उन्हें पंचतत्व में विलीन किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से लेकर राजनीतिक, कारोबारी, खेल, मनोरंजन जगत के कई बड़े नाम पहुंचे। बुधवार को 86 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली।

महाराष्ट्र और झारखंड सरकार ने टाटा के निधन पर एक दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि राज्य में सभी मनोरंजन और जश्न के कार्यक्रम रद्द रहेंगे। साथ ही उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

टाटा के परिवार ने एक बयान में कहा, ‘हम - उनके भाई, बहन और परिवार, उन सभी लोगों से मिले प्यार और सम्मान से सांत्वना और सुकून पाते हैं, जो उनका सम्मान करते थे। हालांकि, अब रतन टाटा व्यक्तिगत रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी विनम्रता, उदारता और उद्देश्य की विरासत भावी पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।’ टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने एक बयान में रतन टाटा को अपना ‘मित्र और मार्गदर्शक’ बताया।