यूपी में बाढ़ के बीच राहत अभियान तेज, 17 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया
UP News: उत्तर प्रदेश में बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने प्रभावित जिलों में राहत व्यवस्था को मजबूत किया है। गुरुवार को प्रदेश के 26 जिले बाढ़ की चपेट में रहे। इन क्षेत्रों में करीब 3.53 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन के मुताबिक अब तक किसी व्यक्ति या पशु की बाढ़ के कारण मौत की सूचना नहीं है।
बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ उनके लिए भोजन, जरूरी राहत सामग्री और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन की ओर से अब तक 17,544 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि 4,847 लोग वर्तमान में बाढ़ शरणालयों में रह रहे हैं। प्रभावित लोगों के लिए प्रदेश में कुल 1,312 राहत शरणालय बनाए गए हैं।
राहत-बचाव के लिए बड़ी संख्या में संसाधन तैनात
बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों की निगरानी और बचाव अभियान के लिए 1,634 बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं। वहीं लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से निकालने के लिए 1,697 नाव और मोटरबोट लगाई गई हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है और 1,068 मेडिकल टीमें प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रही हैं।
इन टीमों के जरिए बाढ़ प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच, जरूरी दवाओं की उपलब्धता और बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
लाखों राहत पैकेट और लंच बांटे गए
बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए राहत पैकेट और भोजन का वितरण जारी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 72,897 राहत खाद्यान्न पैकेट और 3,67,551 लंच पैकेट वितरित किए जा चुके हैं।
बाढ़ से प्रभावित पशुओं के लिए भी प्रशासन ने इंतजाम किए हैं। अब तक 5 हजार क्विंटल से अधिक भूसा वितरित किया गया है। प्रदेश में 45 हजार से ज्यादा पशु बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं, हालांकि अभी तक किसी पशु की मौत की सूचना नहीं है।
संक्रमण से बचाव पर भी जोर
बाढ़ के बाद जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। प्रभावित क्षेत्रों में अब तक 5.52 लाख से अधिक क्लोरीन टैबलेट और 1.87 लाख से ज्यादा ओआरएस पैकेट बांटे जा चुके हैं।
सरकार और स्थानीय प्रशासन का फोकस फिलहाल प्रभावित लोगों तक समय पर राहत पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित रखने पर है। राहत एवं बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
ये जिले हैं बाढ़ से प्रभावित
उत्तर प्रदेश के अमरोहा, अयोध्या, आजमगढ़, बदायूं, बलिया, बाराबंकी, बस्ती, चंदौली, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, कासगंज, कानपुर, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, पीलीभीत, प्रयागराज, रायबरेली, रामपुर, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर, उन्नाव और वाराणसी में बाढ़ का असर दर्ज किया गया है।







