25 हजार हेलमेट बांटकर रोड सेफ्टी का संदेश, नितिन गडकरी बोले- सड़क सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी
New Delhi: देश में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आईसीआईसीआई लोम्बार्ड ने अपनी 25वीं वर्षगांठ के मौके पर बड़े रोड सेफ्टी अभियान का आयोजन किया। इस अभियान के तहत देशभर में 25,000 से अधिक ISI-मार्क वाले हेलमेट वितरित किए गए।
दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने हेलमेट वितरण अभियान की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों से जिम्मेदारी के साथ यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
आईसीआईसीआई लोम्बार्ड की ओर से बताया गया कि कंपनी ने 14 अलग-अलग स्थानों पर महज 12 घंटे के भीतर 25 हजार से अधिक हेलमेट वितरित किए। इसके साथ ही कंपनी ने इस उपलब्धि के लिए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के खिताब का प्रयास भी किया है।
नितिन गडकरी ने सड़क सुरक्षा को बताया साझा जिम्मेदारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने आईसीआईसीआई लोम्बार्ड को उसकी 25वीं वर्षगांठ पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार के साथ-साथ निजी संस्थानों, उद्योग जगत और आम लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि सड़क हादसों को कम करने के लिए केवल बेहतर सड़क और वाहन सुरक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों के व्यवहार में भी बदलाव जरूरी है। यातायात नियमों का पालन, हेलमेट का इस्तेमाल और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
गडकरी ने कहा कि विशेष रूप से युवाओं और परिवारों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
2015 से अब तक 7 लाख से ज्यादा हेलमेट बांट चुकी कंपनी
आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के मुताबिक, कंपनी लंबे समय से सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में जागरूकता, दुर्घटना रोकथाम और दुर्घटना के बाद पुनर्वास से जुड़े अभियानों पर काम कर रही है। कंपनी ने बताया कि 2015 से अब तक 7 लाख से अधिक हेलमेट वितरित किए जा चुके हैं और इन पहलों के जरिए 25 लाख से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाई गई है।
कंपनी के चीफ-रिटेल, बिजनेस स्ट्रैटेजी एंड सॉल्यूशंस हेड संदीप गोड़िया ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल बीमा का विषय नहीं, बल्कि एक साझा राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य जिम्मेदार सड़क व्यवहार को बढ़ावा देना, लोगों को सुरक्षित विकल्प चुनने के लिए प्रोत्साहित करना और हेलमेट जैसे सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाना है।
2024 में 4.80 लाख से ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं
कार्यक्रम में साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, भारत में 2024 के दौरान 4,80,000 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 1,70,000 से ज्यादा लोगों की जान गई। इनमें करीब 46.2 प्रतिशत मौतें दोपहिया वाहन चालकों से जुड़ी थीं।
ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के बीच हेलमेट के इस्तेमाल को बढ़ावा देना सड़क सुरक्षा की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आईसीआईसीआई लोम्बार्ड का कहना है कि जागरूकता अभियान, जिम्मेदार सड़क व्यवहार और हेलमेट के नियमित इस्तेमाल से रोकथाम योग्य सड़क चोटों और मौतों को कम करने में मदद मिल सकती है।
कंपनी ने कहा कि वह आगे भी ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने, सुरक्षित ड्राइविंग को बढ़ावा देने और दुर्घटना प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए काम करती रहेगी।







