Movie prime

चांदनी चौक में विरोध मार्च पर बवाल: नागरिक मंच ने पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल

 
चांदनी चौक में विरोध मार्च पर बवाल: नागरिक मंच ने पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
New Delhi: पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक और आसपास के इलाकों में निकाले गए एक विरोध मार्च को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। चांदनी चौक नागरिक मंच ने जुलूस की अनुमति देने पर स्थानीय पुलिस प्रशासन की कड़ी आलोचना की है।

मंच के महासचिव प्रवीण शंकर कपूर ने आरोप लगाया कि कोतवाली थाना क्षेत्र से टाउन हॉल से लेकर लाल किला तक लगभग 300 लोगों को मार्च निकालने की इजाजत दी गई, जो कथित रूप से अतिक्रमण के मुद्दे पर विरोध जता रहे थे। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान लगाए गए कुछ नारों को लेकर भी आपत्ति जताई गई है।

लंबे समय से उठ रही है अतिक्रमण हटाने की मांग

मंच का कहना है कि चांदनी चौक, जामा मस्जिद और वॉल्ड सिटी इलाके में अवैध अतिक्रमण को लेकर स्थानीय व्यापारी और निवासी लंबे समय से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

स्थानीय सांसद प्रवीण खंडेलवाल, भाजपा पार्षद सुमन गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधियों ने दिल्ली सरकार, एमसीडी और पुलिस के समक्ष इस मुद्दे को उठाया है।

हाई कोर्ट ने भी जताई चिंता

हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट ने भी जामा मस्जिद और चांदनी चौक के आसपास बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता व्यक्त की थी। मंच का कहना है कि ऐसे में विरोध मार्च को अनुमति दिया जाना कई सवाल खड़े करता है।

उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री से करेंगे शिकायत

नागरिक मंच ने कहा है कि वे जल्द ही इस पूरे मामले को दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे और पुरानी दिल्ली क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग करेंगे।

फिलहाल, इस मुद्दे ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक बहस को तेज कर दिया है। अब निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।