सचदेवा का पलटवार: “सौरभ भारद्वाज की प्रेसवार्ता एक राजनीतिक नौटंकी”
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज पर सीधा हमला बोलते हुए उनकी प्रेसवार्ता को “सस्ती लोकप्रियता का नाटक” करार दिया है। सचदेवा का कहना है कि जैसे ही जांच एजेंसियां आम आदमी पार्टी के नेताओं से पूछताछ करती हैं, वैसे ही वे मीडिया के सामने ड्रामा रचकर सुर्खियां बटोरने में लग जाते हैं।
“बेरोजगार नेता को मिला नया काम”
सचदेवा ने कटाक्ष करते हुए कहा, “चुनाव हारने के बाद सौरभ भारद्वाज खुद को बेरोजगार बताते थे, लेकिन अब उन्हें नया काम मिल गया है—ड्रामा और स्क्रिप्ट राइटिंग।” उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि भारद्वाज राजनीति छोड़कर मुंबई जाकर पटकथा लेखक बनें तो ज़्यादा अच्छा रहेगा।
“AAP का DNA = अराजकता, कुशासन और भ्रष्टाचार”
भाजपा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता अब अच्छी तरह जान चुकी है कि आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं का कामकाज अराजकता, कुशासन और भ्रष्टाचार से भरा हुआ है। अगर किसी को जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं है, तो कानून और न्यायपालिका का सहारा लेना चाहिए, न कि कैमरों के सामने नौटंकी करनी चाहिए।
घोटालों से ध्यान भटकाने की कोशिश?
सचदेवा ने आरोप लगाया कि अस्पताल निर्माण घोटाले जैसे गंभीर मामलों में आम आदमी पार्टी के नेताओं पर पहले ही सवाल उठ चुके हैं। ऐसे में सौरभ भारद्वाज की प्रेसवार्ता असल मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश है। उन्होंने कहा, “जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं, सबूत सामने आएंगे तो हकीकत भी उजागर होगी।”
“भविष्यवक्ता बनते जा रहे हैं आप नेता”
वीरेंद्र सचदेवा ने व्यंग्य करते हुए कहा कि अब आम आदमी पार्टी के नेता भविष्यवाणी करने लगे हैं। “आज सौरभ भारद्वाज भी उसी लिस्ट में शामिल हो गए हैं। उनकी बातें उन्हीं नेताओं से मेल खाती हैं, जो पहले जांच के दौरान बड़ी-बड़ी बातें करते थे और फिर जेल पहुंचे। दिल्ली की जनता यह सब देख चुकी है।”







