Newshaat_Logo

PM मोदी के जन्मदिन पर काशी से ‘सेवा संकल्प’ अभियान की शुरुआत, 250 बाइकों पर 500 युवा जाएंगे वडनगर

 
PM मोदी के जन्मदिन पर काशी से ‘सेवा संकल्प’ अभियान की शुरुआत, 250 बाइकों पर 500 युवा जाएंगे वडनगर

UP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर वाराणसी से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों पर आधारित ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष’ प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हुए बदलावों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इसके बाद रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने वाराणसी से प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर तक जाने वाली ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

250 बाइकों पर 500 युवा होंगे शामिल

सेवा संकल्प बाइक यात्रा में 250 बाइक पर 500 युवा शामिल हैं। यात्रा शुरू होने पर युवाओं पर पुष्पवर्षा भी की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यात्रा में शामिल युवाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह यात्रा युवाओं को अलग-अलग राज्यों में संवाद और सेवा से जोड़ने का माध्यम बनेगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, करीब 20 दिन चलने वाली इस यात्रा में प्रतिभागी प्रतिदिन लगभग 100 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे और रास्ते में चार बड़े कार्यक्रमों से जुड़ेंगे। यह यात्रा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी।

काशी और वडनगर के बीच जुड़ेगा सांस्कृतिक संवाद

सीएम योगी ने बताया कि गुजरात से 25-25 बाइक पर 10 यात्राएं शुरू होंगी, जबकि उत्तर प्रदेश की 10 पवित्र नदियों का जल लेकर काशी से भी 10 यात्राएं अलग-अलग मार्गों से वडनगर जाएंगी।

इन यात्राओं के जरिए काशी और वडनगर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को अलग-अलग राज्यों तक पहुंचाने की योजना है। उत्तर प्रदेश की पवित्र नदियों का जल वडनगर में भगवान हाटकेश्वर को अर्पित किया जाएगा, जबकि गुजरात की नदियों का जल बाबा विश्वनाथ को समर्पित किया जाएगा।

‘सेवा संकल्प के 25 वर्ष’ का किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को इस सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि इन वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में कई क्षेत्रों में बदलाव हुए हैं। उन्होंने गांव, गरीब, महिला, युवा, कारीगर और उद्यमियों से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया।

आवास, उज्ज्वला और आयुष्मान का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को घर मिले हैं और उज्ज्वला योजना ने महिलाओं के जीवन में बदलाव लाया है।

सीएम योगी ने यह भी कहा कि आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य बीमा कवर से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। इसके अलावा गांवों में बिजली, इंटरनेट और बैंकिंग सेवाओं के विस्तार का भी उन्होंने उल्लेख किया।

स्टार्टअप से सेमीकंडक्टर तक गिनाईं उपलब्धियां

युवाओं के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप इकोसिस्टम, स्टैंड-अप इंडिया और डिजिटल इंडिया का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं के लिए रोजगार के साथ उद्यमिता के नए अवसर सामने आए हैं।

मुख्यमंत्री ने सेमीकंडक्टर, क्वांटम कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन टेक्नोलॉजी और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में भारत की प्रगति का भी उल्लेख किया।

विरासत और विकास को लेकर कही ये बात

सीएम योगी ने अपने संबोधन में काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या, विंध्यवासिनी धाम, प्रयागराज महाकुंभ, बद्रीनाथ, केदारपुरी और महाकाल लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में विरासत और विकास का समन्वय दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प’ यात्रा सकारात्मक संदेश के साथ आगे बढ़ेगी और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने का प्रयास करेगी।

कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, यात्रा के संयोजक एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, आंध्र प्रदेश के सांसद लवु श्रीकृष्ण, सतीश बाबू, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश भाई पटेल समेत कई नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, जेपीएस राठौर, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रवींद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्र और भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया भी कार्यक्रम में शामिल हुए।