मूछ मुंडवाकर 2300 KM दूर जाकर छुपा, फिर भी पकड़ा गया TMC नेता ; लोगों ने अंडे-चप्पलों से किया स्वागत
Political News: पश्चिम बंगाल में शुभेंदु सरकार के आने के बाद अब ममता सरकार में हुए एक-एक घोटाले की फाइल खुल रही है। बंगाल पुलिस जगह-जगह छापेमार कार्रवाई कर TMC के घोटालेबाज नेताओं को गिरफ्तार कर रही है। लेकिन कोर्ट जाने से पहले जनता इन दागियों का न्याय अंडे से कर रही है। दो दिन पहले बंगाल पुलिस ने बांग्लादेश बॉर्डर से जहांगीर खान को गिरफ्तार किया था। एक समय खुद को 'पुष्पा' कहने वाले जहांगीर की पुलिस ने हाफ पैंट में परेड कराई थी। उससे पहले अभिषेक बनर्जी जब अपने क्षेत्र में पहुंचे तो उनपर लोगों ने अंडे और पत्थर से हमला कर दिया। इसी कड़ी में अब भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के दोषी ममता बनर्जी के करीबी स्वपन कुमार नंदी को बंगाल पुलिस ने केरल से गिरफ्तार किया है। जिसपर जनता ने अंडे और चप्पलों की बारिश कर दी।
ममता बनर्जी के खास और टीएमसी के पूर्व राज्य सचिव स्वपन कुमार नंदी को गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरामबाग लेकर पहुंची। हुगली ग्रामीण पुलिस की एक स्पेशल टीम नंदी को गौराहटी क्रॉसिंग से पैदल आरामबाग थाने ले जा रही थी तभी स्थानीय लोगों ने नंदी का विरोध करना शुरू कर दिया और चोर-चोर के नारे लगाने लगे। जब पुलिस उसे लेकर इलाके में पहुंची तो नाराज लोगों ने नंदी पर अंडे मारने शुरू कर दिए। किसी ने उसके चेहरे पर कालिख फेंक दी तो किसी ने शर्ट फाड़ दी। हालात इतने खराब हो गए कि पुलिस को स्वपन नंदी को दौड़ाकर ले जाना पड़ा लेकिन लोग पीछे हटने को तैयार नहीं थे, वो उस पर अंडा प्रहार करते रहे। किसी तरह पुलिस नंदी को थाने लेकर पहुंच सकी। खास बात ये है कि, नंदी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए अपना हुलिया तक बदल लिया था। उसने अपनी मूंछ मुंडवा ली थी, इसके बावजूद पुलिस अधिकारियों ने उसे केरल में ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया।
स्वपन कुमार नंदी ममता बनर्जी का बेहद करीबी है और आरामबाग नगरपालिका के ग्रीन सिटी प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार का आरोपी है। वह ममता के उन खास नेताओं में शामिल है जिन पर ममता बनर्जी सबसे ज्यादा भरोसा करती हैं। आरामबाग नगरपालिका में 2017 में ग्रीन सिटी योजना आई, इसमें 44 स्कूलों में सोलर सिस्टम लगाने की योजना थी। आरोप है कि स्कूलों में सिर्फ 44 लाख रुपये का ही काम कराया बाकी रकम भ्रष्टाचार के भेंट चढ़ गई। फर्जी बिल बनाकर सरकारी पैसे का गबन किया गया, स्वपन नंदी पर करीब 7.24 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है।
बता दें कि, बंगाल में घोटालेबाजों और कट मनी लेने वालों में जबरदस्त दहशत है। फालता के देवीपुर में हाउसिंग स्कीम का कट मनी वसूलने वाला स्थानीय प्रेसिडेंट सौमित्र मंडल अब अपने करीबियों के जरिए लोगों के पैसे वापस कर रहा है। आरोप है कि सौमित्र मंडल ने हाउसिंग प्रोजेक्ट के तहत घर देने के नाम पर बेनिफिशियरीज से कट मनी ली थी लेकिन बंगाल में कानून का राज कायम होने के बाद अब सौमित्र मंडल डर के मारे अब आम लोगों के पैसे लौटा रहा है।







