आज शाम यूपी में अचानक बजेगा सायरन, क्या बंद रहेगी बिजली? जानिए पूरी खबर
उत्तर प्रदेश में आज शाम 6 बजे लखनऊ समेत सभी 75 जिलों में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित होगी. इस दौरान करीब दो मिनट तक हवाई हमले की चेतावनी वाला सायरन बजेगा. इसके बाद चिह्नित इलाकों में कुछ समय के लिए बिजली बंद कर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास कराया जाएगा. लखनऊ पुलिस लाइन में होने वाली मॉक ड्रिल में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य और आपदा राहत टीमें शामिल होंगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अभ्यास देखने पहुंच सकते हैं.
Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में रविवार शाम कुछ देर के लिए युद्ध जैसी स्थिति का अभ्यास किया जाएगा। शाम 6 बजे राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित होगी। इस दौरान करीब दो मिनट तक हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन बजेगा। इसके बाद चिह्नित इलाकों में कुछ समय के लिए बिजली बंद कर अंधेरे में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास कराया जाएगा।
हालांकि, सायरन की आवाज सुनकर लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। यह किसी वास्तविक हवाई हमले का अलर्ट नहीं, बल्कि नागरिक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए किया जा रहा विशेष अभ्यास है।
शाम 6 बजे बजेगा एयर रेड सायरन, फिर होगा ब्लैकआउट
नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 22 नवंबर को शाम 6 बजे प्रदेश के सभी 75 जिलों में मॉक ड्रिल शुरू होगी। सबसे पहले करीब दो मिनट तक एयर रेड सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद चिह्नित क्षेत्रों में अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट का अभ्यास किया जाएगा।
इस दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने, रोशनी से बचाव करने और आपातकालीन निर्देशों का पालन करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। अभ्यास पूरा होने के बाद खतरा समाप्त होने का संकेत देने के लिए ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा।
लखनऊ पुलिस लाइन में CM योगी देखेंगे मॉक ड्रिल
राजधानी लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में विशेष एयर रेड और ब्लैकआउट अभ्यास आयोजित किया जाएगा। इसमें पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और आपदा राहत से जुड़ी टीमें हिस्सा लेंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित मॉक ड्रिल को देखने पहुंचने का कार्यक्रम है। इस दौरान आपातकालीन सूचना तंत्र, विभागों के बीच समन्वय और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा जाएगा।
आग लगने और मलबे में फंसे लोगों को बचाने का भी होगा अभ्यास
मॉक ड्रिल में सिर्फ सायरन और ब्लैकआउट तक ही गतिविधियां सीमित नहीं रहेंगी। आग लगने की स्थिति में अग्निशमन दल की कार्रवाई, क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी होगा।
इसका उद्देश्य वास्तविक आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से शुरू करना और विभिन्न एजेंसियों की कार्यक्षमता की जांच करना है।
यूपी में करीब एक लाख नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक
प्रदेश के सभी 75 जिलों में नागरिक सुरक्षा इकाइयां गठित की गई हैं। इनमें करीब एक लाख स्वयंसेवक नामांकित हैं। इनमें 60 नवगठित जिला इकाइयों के लगभग 10 हजार स्वयंसेवक भी शामिल हैं।
इन स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, आग बुझाने, खोज एवं बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की सहायता करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मॉक ड्रिल के जरिए उनकी तैयारियों का भी आकलन किया जाएगा।
सायरन सुनकर न घबराएं, अफवाहों से रहें दूर
आज शाम 6 बजे सायरन बजने और कुछ चिह्नित इलाकों में बिजली बंद होने पर लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। यह नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से पहले से निर्धारित अभ्यास है। इसका किसी वास्तविक युद्ध या हवाई हमले से संबंध नहीं है।
प्रशासन का उद्देश्य आम लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों को मजबूत बनाना है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।







