‘नारी वंदन अधिनियम’ पर देशभर की महिलाओं का जोरदार समर्थन, दिल्ली में BJP ने जारी किया खास वीडियो
रिद्धिमा कपूर साहनी का वीडियो आया सामने
प्रेस वार्ता में मशहूर डिजाइनर, लेखिका और अभिनेत्री रिद्धिमा कपूर साहनी का एक वीडियो संदेश जारी किया गया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को नई पहचान, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर देगा। उन्होंने कहा कि इससे महिलाएं अपनी बात मजबूती से रख पाएंगी और देश के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।
प्रबुद्ध महिलाओं ने दिया समर्थन
इस मौके पर उद्यमी एवं एस्ट्रोनॉमर सोना साहनी सिंह और दिल्ली विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर सोनाली चितलकर ने भी इस अधिनियम का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह बिल महिलाओं को नीति निर्माण में भागीदारी का बड़ा अवसर देगा और समाज में उनकी स्थिति को और मजबूत करेगा।
‘नया भारत’ बनाने की दिशा में कदम
दिल्ली भाजपा की उपाध्यक्ष योगिता सिंह ने कहा कि आज़ादी के बाद से महिलाओं ने देश निर्माण में अहम भूमिका निभाई है, लेकिन उन्हें नीति निर्माण में पर्याप्त अवसर नहीं मिला। अब भाजपा सरकार इस अधिनियम के जरिए संसद और विधानमंडलों में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देकर ‘नए भारत’ की नींव मजबूत कर रही है।
संसद में जल्द हो सकती है चर्चा
सूत्रों के अनुसार, 16 अप्रैल को संसद में इस अधिनियम पर चर्चा और पारित कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। इसे लेकर महिलाओं में उत्साह और उम्मीद साफ देखी जा रही है। ‘नारी वंदन अधिनियम’ अब सिर्फ एक विधेयक नहीं, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण और बराबरी की दिशा में एक बड़ा जनआंदोलन बनता जा रहा है।







