ट्रेन के दरवाजे से सिर निकाला और... अगले ही पल हो गया बड़ा हादसा!
Raniganj: पश्चिम बंगाल के रानीगंज रेलवे स्टेशन पर एक छोटी सी लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस में सफर कर रहा युवक गुटखा थूकने के लिए जैसे ही ट्रेन के दरवाजे से सिर बाहर निकालने लगा, उसका सिर रेलवे ट्रैक के पास लगे एक खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गया जा रहा था परिवार, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, एक परिवार हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस से हावड़ा से गया की यात्रा कर रहा था। इसी दौरान ट्रेन जब रानीगंज रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी, तब परिवार का सदस्य राजेश कुमार गुटखा थूकने के लिए ट्रेन के दरवाजे के पास पहुंचा। उसने जैसे ही अपना सिर बाहर निकाला, रेलवे ट्रैक के पास लगे खंभे से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से मृतक के दादाजी ने बताया कि खंभे से टकराने के बाद राजेश चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे के बाद ट्रेन और स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक लापरवाही ने परिवार को दिया जिंदगीभर का गम
इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि चलती ट्रेन में दरवाजे या खिड़की से सिर अथवा शरीर बाहर निकालना कितना खतरनाक हो सकता है। यात्रियों को सफर के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए और ऐसी लापरवाही से बचना चाहिए।







