Newshaat_Logo

तमिलनाडु में थलपति विजय के राजतिलक की तैयारी पूरी, आज लेंगे सीएम पद की शपथ

 
तमिलनाडु में थलपति विजय के राजतिलक की तैयारी पूरी, आज लेंगे सीएम पद की शपथ

Tamilnadu News: तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नया इतिहास लिखे जाने वाला है। सुपरस्टार विजय अब सिनेमा के पर्दे से निकलकर असल जिंदगी की सत्ता संभालने के लिए तैयार हैं। इस शपथ ग्रहण में कई दिग्गज नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है। आज सुबह से ही जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी है। हर कोई अपने चहेते सितारे को सूबे की कमान संभालते हुए देखना चाहता है। टीवीके के नवनिर्वाचित विधायक आधार अर्जुन स्टेडियम पहुंच चुके हैं और कयास लगाए जा रहे हैं कि वे भी आज मंत्री पद की शपथ लेंगे।

थलपति विजय की इस नई पारी को राष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ा समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी विशेष रूप से इस समारोह का हिस्सा बनने के लिए दिल्ली से तमिलनाडु रवाना हो चुके हैं। डीएमके से गठबंधन टूटने के बाद कांग्रेस का यह कदम राज्य के सियासी समीकरणों में बड़े बदलाव का संकेत है। राहुल गांधी सुबह दस बजे मंच पर विजय के साथ मौजूद रहेंगे, जो विपक्षी एकता की एक नई तस्वीर पेश करेगा। सूत्रों की मानें तो आज थलपति विजय के साथ कुल नौ मंत्री शपथ ले सकते हैं, जिनमें टीवीके के छह और कांग्रेस कोटे से तीन चेहरों के शामिल होने की पूरी संभावना है।

तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में विजय का सफर चुनौतियों से भरा रहा है। चार मई को चुनावी नतीजे आने के बाद से नौ मई तक राज्य में जबरदस्त राजनीतिक उठापटक देखने को मिला। थलपति विजय को बहुमत साबित करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा क्योंकि राज्यपाल ने समर्थन पत्र में कम संख्या होने पर उन्हें दो बार वापस लौटा दिया था।आखिरकार शनिवार को उन्होंने 121 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपकर अपनी ताकत साबित की। इसमें टीवीके के 108 विधायकों के अलावा कांग्रेस, वामपंथी दल, वीसीके और आईयूएमएल का समर्थन शामिल है। राज्यपाल ने अब उन्हें 13 मई तक सदन में विश्वास मत हासिल करने का समय दिया है।

नई सरकार के गठन के साथ ही संभावित मंत्रियों की सूची भी चर्चा में है। टीवीके की ओर से के.ए. सेंगोट्टैयान, आधार अर्जुन, बुस्सी आनंद, अरुण राज, निर्मल कुमार और राजमोहन जैसे नाम सबसे आगे चल रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से भी तीन मंत्रियों के शपथ लेने की बात कही जा रही है। विजय की इस ऐतिहासिक जीत से तमिलनाडु के हर कोने में कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर है और वे सड़कों पर उतरकर ढोल-नगाड़ों के साथ अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं।