अटल जी की इच्छाशक्ति से ही बनेगा 2047 का विकसित भारत”- कस्तूरबा नगर में अटल स्मृति सम्मेलन में बोले नितिन नवीन
National news: पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर दिल्ली के कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित “अटल स्मृति सम्मेलन” में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अटल जी के विचारों, आत्मविश्वास और राष्ट्रवाद को आज की राजनीति के लिए प्रेरणा बताया। कार्यक्रम का आयोजन लोधी रोड स्थित आंध्र एसोसिएशन भवन में किया गया।
सम्मेलन में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, नई दिल्ली सांसद बांसुरी स्वराज, कस्तूरबा नगर के विधायक नीरज बसोया, जिला अध्यक्ष रविंद्र चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अटल जी का आत्मविश्वास आज भी मिसाल : नितिन नवीन
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जैसे आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति वाले नेता आज की राजनीति में बहुत कम देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए भी अटल जी ने हमेशा देश को सर्वोपरि रखा। सरकार गिरने के समय संसद में दिया गया उनका भाषण आज भी हर राजनेता के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में दिया गया अटल जी का भाषण हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण था। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचार और अटल जी के सुशासन के सिद्धांतों को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि यदि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, तो अटल जी की दृढ़ इच्छाशक्ति और विचारों को आत्मसात करना होगा। कारगिल युद्ध के बाद सैनिकों के सम्मान में अटल जी का स्पष्ट और मजबूत रुख आज भी याद किया जाता है।
अटल जी राजनीति के वटवृक्ष थे : वीरेंद्र सचदेवा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि उच्च राजनीतिक मूल्यों, साहित्य और कविता के माध्यम से देश को दिशा देने वाले व्यक्तित्व थे। उन्हें न सिर्फ समर्थकों बल्कि विरोधियों ने भी सम्मान दिया।
उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति को समझने के लिए अटल जी के जीवन और कार्यों को पढ़ना जरूरी है। पोखरण परमाणु परीक्षण से लेकर संसद में उनके ओजस्वी वक्तव्यों तक, अटल जी का योगदान अविस्मरणीय है।
सरकारें आएंगी-जाएंगी, देश रहना चाहिए : बांसुरी स्वराज
सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि अटल जी का स्पष्ट सिद्धांत था कि सरकारें बदलती रहेंगी, लेकिन देश सर्वोपरि रहेगा। उन्होंने कहा कि अटल जी आज भी एक ध्रुव तारे की तरह देश की राजनीति को दिशा दे रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सपनों के भारत को साकार करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
सर्वदलीय सम्मान के नेता थे अटल जी : नीरज बसोया
विधायक नीरज बसोया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का राजनीतिक जीवन अत्यंत विराट रहा। वे आम जनता के प्रिय थे और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर सभी राजनेताओं में लोकप्रिय रहे।
सम्मेलन के दौरान अटल जी के जीवन, विचारों और योगदान को प्रदर्शनी, भाषणों और स्मरणों के माध्यम से याद किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी रही।







