पपीता खिलाने का लालच और मासूम की मौत! रोंगटे खड़े कर देगी ये वारदात
Lakhimpur: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खमरिया थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में पांच साल की बच्ची कीर्ति की हत्या के मामले में उसके 15 वर्षीय चचेरे भाई पर आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची को पपीता खिलाने का लालच देकर गांव के बाहर ले जाया गया। आरोप है कि मोबाइल फोन छीनने के बाद पकड़े जाने के डर से किशोर ने बच्ची को पानी में डुबो दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गन्ने के खेत से बच्ची का शव बरामद किया है।

पपीता खिलाने का लालच देकर साइकिल से ले गया
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे पांच साल की कीर्ति घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान उसका 15 वर्षीय चचेरा भाई उसे पपीता तोड़कर खिलाने का लालच देने लगा। आरोप है कि इसके बाद वह बच्ची को साइकिल पर बैठाकर गांव के उत्तर दिशा में स्थित बड़े नाले के पास गन्ने के खेत में ले गया।
मोबाइल फोन छीनने के बाद बिगड़ी बात
बताया जा रहा है कि गन्ने के खेत में पहुंचने के बाद किशोर ने बच्ची के हाथ से नया मोबाइल फोन छीन लिया। इसी बीच गांव में कीर्ति के लापता होने की जानकारी फैल गई। परिजन और ग्रामीण बच्ची की तलाश में जुट गए और उसे खोजते हुए खेत की ओर पहुंचने लगे।
ग्रामीणों की आवाज सुनकर चिल्लाने लगी बच्ची
खेत के बाहर ग्रामीणों की आवाज सुनकर कीर्ति चिल्लाने लगी। आरोप है कि पकड़े जाने के डर से किशोर ने उसका मुंह दबाया और खेत में भरे पानी में डुबो दिया। इससे बच्ची की मौत हो गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में मातम पसर गया और लोगों में आक्रोश देखने को मिला।
शक के आधार पर हिरासत में लिया गया चचेरा भाई
बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने के बाद खमरिया पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने उसके चचेरे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में किशोर ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर रविवार सुबह करीब 9 बजे घर से लगभग 500 मीटर दूर गन्ने के खेत से बच्ची का शव बरामद किया गया।
घटनास्थल से साइकिल और दो मोबाइल बरामद
पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल की गई साइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि
धौरहरा के सीओ अभिषेक यादव के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
महज एक मोबाइल फोन को लेकर पांच साल की बच्ची की मौत की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। परिवार में शोक है, जबकि गांव में घटना को लेकर दुख और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।







