Newshaat_Logo

छठ पूजा का सबसे खास दिन आज, आज 4:54 बजे सूर्यास्त, कल 5:59 बजे सूर्योदय...जानें संध्या और उषा अर्घ्य का समय

लोक आस्था के महापर्व छठ में आज रविवार को व्रती डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे. निर्धारित समय के अनुसार, आज शाम 4:54 बजे सूर्यास्त होने की उम्मीद है. वहीं, सोमवार सुबह 5:59 बजे सूर्योदय होने की संभावना है. उगते सूर्य को अंतिम अर्घ्य देने के साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत और चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा.

 
Chhath puja

Chhath Puja Special: छठ केवल पूजा नहीं, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व है. जब लाखों व्रती जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी और उदयाचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हैं, तब यह परंपरा हमें उस ऊर्जा की याद दिलाती है, जिसके बिना धरती पर जीवन संभव नहीं.

लोक आस्था का महापर्व छठ अपने सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गया है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में श्रद्धालु भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर रहे हैं। 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखने वाले व्रती अब संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की तैयारियों में जुटे हैं। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा।

36 घंटे के निर्जला व्रत में लीन हैं श्रद्धालु

छठ पूजा के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने खरना की रस्म पूरी की। इस दौरान पारंपरिक तरीके से रसियाव, खीर और पूड़ियां सहित विभिन्न प्रसाद तैयार किए गए। छठ की परंपरा के अनुसार कई घरों में मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ियों से प्रसाद बनाया गया।

दिनभर उपवास और पूजा-पाठ के बाद व्रतियों ने शाम को विधि-विधान से खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत हो गई। इस दौरान व्रती अन्न और जल का सेवन नहीं करते और पूरी श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य की उपासना करते हैं। कई घरों में खरना के दौरान अलग और एकांत स्थान पर पूजा-अर्चना की परंपरा भी निभाई जाती है।

आज शाम 4:54 बजे संध्या अर्घ्य

छठ महापर्व के तीसरे दिन यानी रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। निर्धारित समय के अनुसार, आज शाम 4 बजकर 54 मिनट पर सूर्यास्त होने की उम्मीद है। इस अवसर पर श्रद्धालु नदियों, तालाबों और अन्य निर्धारित जलाशयों के किनारे पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

संध्या अर्घ्य छठ पूजा का बेहद महत्वपूर्ण अनुष्ठान है। इस दौरान व्रती पारंपरिक सूप में फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं।

कल सुबह 5:59 बजे उगेंगे सूर्यदेव

छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। उपलब्ध समय के अनुसार, सोमवार सुबह 5 बजकर 59 मिनट पर सूर्योदय होने की उम्मीद है। व्रती सुबह घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसी के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा और चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।

सीएम योगी ने दी छठ की शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ महापर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता का संचार करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में छठ पूजा को भगवान सूर्य की उपासना और लोक आस्था का महापर्व बताते हुए सभी श्रद्धालुओं को बधाई दी।