Newshaat_Logo

अयोध्या से जनकपुर तक दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, रामनगरी और माता सीता का मायका जुड़ेंगे!

अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू होने से भारत-नेपाल के धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती मिलेगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दोनों देशों का संबंध सदियों पुराना है और इसे 'रोटी-बेटी' के रिश्ते के रूप में जाना जाता है. उन्होंने भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या और जनकपुर का जुड़ाव पौराणिक काल से है.
 
UP

Ayodhya:  भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर धाम के बीच अब रेल संपर्क के जरिए रिश्तों की नई डोर जुड़ने जा रही है। सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत को भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता सिर्फ दो देशों की सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आस्था, परंपरा और पारिवारिक संबंधों से जुड़ा है।

अयोध्या से जनकपुर तक 604 KM का सफर 19 घंटे में, सरयू-कमला एक्सप्रेस आज से

'रोटी-बेटी' का रिश्ता है भारत-नेपाल की पहचान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच हजारों वर्षों से आत्मीय संबंध रहे हैं। दोनों देशों की साझा संस्कृति, धार्मिक मान्यताएं और पारिवारिक परंपराएं इस रिश्ते को खास बनाती हैं। आम बोलचाल में इसे 'रोटी-बेटी' का रिश्ता कहा जाता है।

राम-सीता विवाह से जुड़ा है अयोध्या और जनकपुर का नाता

योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या और मिथिला का संबंध पौराणिक काल से चला आ रहा है। भगवान राम और लक्ष्मण महर्षि विश्वामित्र के साथ मिथिला पहुंचे थे। बाद में महाराजा दशरथ बारात लेकर जनकपुर आए थे। यही ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत आज भी दोनों क्षेत्रों को जोड़ती है।

विवाह पंचमी पर जनकपुर में मनता है भव्य उत्सव

मुख्यमंत्री ने बताया कि विवाह पंचमी के अवसर पर नेपाल के जनकपुर स्थित राम-जानकी विवाह मंडप में भगवान राम और माता सीता के विवाह का उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। वहीं अयोध्या में भी इस अवसर पर पारंपरिक मंगल गीत गूंजते हैं। अयोध्या के लोग जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं और मिथिला के लोगों के लिए भगवान श्रीराम विशेष आस्था के केंद्र हैं।

सरयू-कमला एक्सप्रेस से धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर के शिखर पर विवाह पंचमी के दिन धर्मध्वजा स्थापित किए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क शुरू होने से दोनों धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन आसान होगा। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलने के साथ भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती मिलेगी।