कल का मौसम: मौसम विभाग की चेतावनी, उत्तर बंगाल में भारी बारिश और दक्षिण बंगाल में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना
West Bengal Weather: पश्चिम बंगाल में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 21 जुलाई के लिए उत्तर बंगाल के तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज आंधी और तूफानी हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है. इन इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, अलीपुर (कोलकाता) ने बताया है कि कल यानी 21 जुलाई को राज्य के तापमान में गिरावट के साथ कई जिलों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं का तांडव देखने को मिल सकता है.
वहीं, दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, नदिया तथा पूर्व बर्दवान समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है. कुछ स्थानों पर हवा की गति इससे अधिक भी हो सकती है.

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के असर से मंगलवार को भी उत्तर से लेकर दक्षिण बंगाल तक मानसून सक्रिय रहेगा. आइए जानते हैं, कल 21 जुलाई को बंगाल के दोनों हिस्सों में मौसम का हाल कैसा रहेगा.

उत्तर बंगाल के 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर बंगाल के पहाड़ी और तराई वाले इलाकों में कल भी बादलों की आवाजाही लगी रहेगी. अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. इसके साथ ही जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग और अलीपुरदुआर जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (7 से 11 सेंटीमीटर) होने की संभावना है. मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात (Thunderstorm and Lightning) होने की आशंका है.

लगातार बारिश के चलते दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों में भू-स्खलन (Landslide) का खतरा बरकरार है. निचले इलाकों में जलभराव की समस्या आ सकती है. तीस्ता, तोर्सा व जलढाका जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ की आशंका है.
दक्षिण बंगाल में कोलकाता सहित सभी जिलों में आंधी का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के कोलकाता केंद्र ने कहा है कि 21 जुलाई को दक्षिण बंगाल में मूसलाधार बारिश का कोई सीधा अलर्ट नहीं है, लेकिन आंधी और तूफान चलने की आशंका है. दक्षिण के जिलों के लिए तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसमें कहा गया है कि कोलकाता, हावड़ा, हुगली, 24 परगना, मेदिनीपुर और बर्धमान सहित दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (Gusty Wind) चलने की आशंका है.
22 जुलाई से बढ़ेगी आफत
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल के अधिकांश इलाकों में मंगलवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने सतर्क करते हुए कहा है कि 21 जुलाई के ठीक अगले दिन यानी 22 जुलाई से 24 जुलाई के बीच दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है.







