Newshaat_Logo

यूपी पुलिस में हर वीकेंड होगी ट्रेनिंग, डीजीपी का नया आदेश; हर सोमवार होगी प्रदर्शन की समीक्षा

 
यूपी पुलिस में हर वीकेंड होगी ट्रेनिंग, डीजीपी का नया आदेश; हर सोमवार होगी प्रदर्शन की समीक्षा

UP News: उत्तर प्रदेश पुलिस को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और अधिक पेशेवर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप अब प्रदेश में ‘वीकेंड ट्रेनिंग टारगेट’ लागू किया गया है। नई व्यवस्था के तहत सभी पुलिसकर्मियों को हर शनिवार और रविवार ऑनलाइन प्रशिक्षण लेना होगा, जबकि प्रत्येक सोमवार उनकी ट्रेनिंग और प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी।

डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर गठित कैपेसिटी बिल्डिंग यूनिट (CBU) भारत सरकार के iGOT कर्मयोगी पोर्टल के माध्यम से पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण और प्रदर्शन की नियमित निगरानी करेगी। इस पहल का उद्देश्य पुलिस बल की व्यावसायिक दक्षता, तकनीकी ज्ञान और कार्यकुशलता को लगातार बेहतर बनाना है।

हर सप्ताह मिलेगा नया ऑनलाइन प्रशिक्षण

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक सप्ताह iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर उपलब्ध विषय-विशेष ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में से एक को चुना जाएगा। सभी पुलिसकर्मियों को नियमित ड्यूटी प्रभावित किए बिना सप्ताहांत में इस प्रशिक्षण को पूरा करना होगा। इसके बाद सोमवार को प्रशिक्षण की प्रगति, भागीदारी और अनुपालन की समीक्षा की जाएगी।

डीजीपी ने स्पष्ट किया कि यह केवल औपचारिक प्रशिक्षण नहीं होगा, बल्कि इसके परिणामों का मूल्यांकन भी किया जाएगा। प्रशिक्षण से कार्यशैली में कितना सुधार आया, इसका आकलन मापनीय मानकों के आधार पर किया जाएगा।

पहले चरण में ‘फायर सेफ्टी’ पर विशेष प्रशिक्षण

‘वीकेंड ट्रेनिंग टारगेट’ के पहले चरण में करीब 48 मिनट का ‘फायर सेफ्टी’ ऑनलाइन कोर्स शामिल किया गया है। इसमें आग लगने के कारण, आग की विभिन्न श्रेणियां (Class A, B, C, D, E और F/K), आग बुझाने के वैज्ञानिक तरीके तथा सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण में Cooling, Smothering, Starvation और Inhibition जैसे अग्निशमन सिद्धांतों के साथ-साथ अग्निशामक यंत्र के उपयोग की PASS (Pull, Aim, Squeeze, Sweep) तकनीक भी व्यावहारिक रूप से समझाई जाएगी, ताकि आपात स्थिति में पुलिसकर्मी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर सकें।

सभी अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश

डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की वीकेंड ट्रेनिंग हर हाल में पूरी कराएं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है और निरंतर प्रशिक्षण के जरिए पुलिस बल को अधिक दक्ष, जवाबदेह, तकनीक-सक्षम और नागरिक-केंद्रित बनाया जाएगा।

नई व्यवस्था के लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस में प्रशिक्षण की संस्कृति को और मजबूत करने तथा आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।