नवंबर में मौसम के दो रंग! दिन में गर्मी और रात में ठंड, बारिश को लेकर IMD का अपडेट
उत्तर प्रदेश में नवंबर की शुरुआत के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है. दिन में धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. इससे रात और सुबह ठंड का असर बढ़ने की संभावना है.
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में नवंबर की शुरुआत के साथ मौसम में बदलाव दिखने लगा है। प्रदेश के कुछ जिलों में दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी बनी हुई है, वहीं रात में तापमान गिरने से ठंड का एहसास बढ़ रहा है। प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 5 और 6 नवंबर को प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए राज्य में कहीं भी कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

प्रयागराज रहा प्रदेश का सबसे गर्म जिला
मौसम विभाग की पिछले 24 घंटों की रिपोर्ट के अनुसार, प्रयागराज में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बहराइच में पारा 32.4 डिग्री और झांसी में 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश के कई इलाकों में दोपहर के समय अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। हालांकि, शाम होने के बाद तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिल रही है।
हरदोई में सबसे ठंडी रही रात

दिन में गर्मी के उलट रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, हरदोई प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मुजफ्फरनगर और इटावा में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बरेली में भी रात का पारा 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन जिलों में सुबह और देर शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। आने वाले दिनों में तापमान में होने वाले बदलाव के साथ ठंड का असर और बढ़ सकता है।
पश्चिमी यूपी में बढ़ी रात की ठंड, पूर्वांचल में दिन में गर्मी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान नीचे आने लगा है। मुजफ्फरनगर, इटावा और बरेली जैसे इलाकों में रात के समय ठंडक बढ़ रही है। दूसरी ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में दिन का तापमान 32 डिग्री के आसपास या उससे ऊपर बना हुआ है। ऐसे में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहा है।
5 और 6 नवंबर को बारिश का अनुमान नहीं
प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ की ओर से 4 नवंबर को जारी वर्षा पूर्वानुमान के अनुसार, 5 और 6 नवंबर को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश के पूर्वानुमान वाले नक्शे में पूरे प्रदेश को ड्राई श्रेणी में रखा गया है। वहीं, मौसम चेतावनी के नक्शे में सभी जिलों के लिए ग्रीन श्रेणी यानी कोई चेतावनी नहीं दिखाई गई है।
फिलहाल प्रदेश में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। दिन में धूप और रात में हल्की ठंड का यह दौर जारी रह सकता है।







