UP Cabinet Meeting: योगी कैबिनेट में आज लग सकती है कई बड़े प्रस्तावों पर मुहर, 220 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद से लेकर एक्सप्रेसवे परियोजनाओं तक पर फैसला संभव
UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को होने वाली उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में एक दर्जन से अधिक अहम प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी मिलने की संभावना है। बैठक में जहां प्रदेश में मानसून सत्र बुलाने के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल सकती है, वहीं परिवहन विभाग के लिए 220 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इन बसों की खरीद पर करीब 400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास योजना के तहत वाराणसी में 500 क्षमता वाले नए छात्रावास के लिए भूमि आवंटन का प्रस्ताव भी पेश किया जा सकता है। इसके अलावा कानपुर क्षेत्र के नर्वल में उपनिबंधक कार्यालय के निर्माण के लिए जमीन आवंटन और वाराणसी के बसंत महिला महाविद्यालय, राजघाट फोर्ट में नए छात्रावास भवन के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव पर भी फैसला होने की उम्मीद है।
एक्सप्रेसवे परियोजनाओं पर भी अहम फैसला संभव
बैठक में प्रदेश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क को विस्तार देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी शामिल किए गए हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे और लखनऊ एक्सप्रेसवे से फर्रुखाबाद के रास्ते गंगा एक्सप्रेसवे तक लिंक एक्सप्रेसवे के लिए यूपीडा द्वारा तैयार आरएफपी के बिड दस्तावेजों को मंत्रिपरिषद के सामने रखा जाएगा।
इसके साथ ही विंध्य पूर्वांचल स्पर लिंक के विकल्प-1 के सिक्स लेन से आठ लेन विस्तार के संरेखण और इससे जुड़े विंध्य एक्सप्रेसवे के विकल्प-3 ग्रीनफील्ड सिक्स लेन से आठ लेन विस्तार के संरेखण को मंजूरी देने संबंधी प्रस्ताव भी कैबिनेट में आ सकता है।
नाबार्ड से 650 करोड़ के ऋण का प्रस्ताव
उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड, लखनऊ को वित्तीय वर्ष 2026-27 में नाबार्ड से 650 करोड़ रुपये तक ऋण लेने की अनुमति देने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जा सकता है। इसके साथ ही बैंक के लिए कुल 1,500 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी से संबंधित प्रस्ताव पर भी विचार होने की संभावना है। वहीं, आउटसोर्स सेवा निगम को 20 करोड़ रुपये ब्याज सहित ऋण के रूप में उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी कैबिनेट के एजेंडे में शामिल बताया जा रहा है।
मानसून सत्र को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय हो सकता है। माना जा रहा है कि विधानसभा का मानसून सत्र अगस्त के पहले सप्ताह में, करीब 3 अगस्त से बुलाया जा सकता है।
कैबिनेट बैठक के बाद बहराइच और श्रावस्ती जाएंगे सीएम योगी
लखनऊ में कैबिनेट बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बहराइच और श्रावस्ती के दौरे पर जाएंगे। बहराइच में वह महसी विधानसभा क्षेत्र के बेड़नापुर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां मुख्यमंत्री जिले में 350 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री श्रावस्ती के इकौना स्थित सीताद्वार पहुंचेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान वह करीब 22015.67 लाख रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और 39650.72 लाख रुपये की योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और आवश्यक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस महानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ला, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी समेत अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।







