यूपी कैबिनेट की अहम बैठक आज, मेट्रो विस्तार से लेकर OBC आरक्षण तक कई बड़े फैसलों पर नजर
सूत्रों के मुताबिक बैठक में लोकतंत्र सेनानियों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। इसके अलावा लखनऊ और आगरा मेट्रो परियोजनाओं के विस्तार के लिए जमीन आवंटन और एमओयू को भी मंजूरी मिलने की संभावना है।
पंचायत चुनाव में OBC आरक्षण पर भी फैसला संभव
कैबिनेट बैठक में पंचायत चुनावों में ओबीसी आरक्षण को लेकर भी बड़ा कदम उठाया जा सकता है। जानकारी के अनुसार सरकार समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन को मंजूरी दे सकती है, जिससे आरक्षण संबंधी प्रक्रिया को कानूनी मजबूती मिलेगी।
सरकार की ओर से ग्रामीण विकास, शहरी परिवहन और सामाजिक कल्याण से जुड़े कई अन्य प्रस्ताव भी बैठक के एजेंडे में शामिल बताए जा रहे हैं।
‘सोनाबंदी’ को लेकर अखिलेश का बीजेपी पर हमला
वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बड़ी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए युद्ध जैसे माहौल का हवाला देकर देश में “सोनाबंदी” लागू करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की बचत और पारंपरिक निवेश पर असर डालने वाली किसी भी नीति का समाजवादी पार्टी विरोध करेगी।
सपा प्रमुख ने केंद्र सरकार पर आर्थिक मुद्दों से ध्यान भटकाने का भी आरोप लगाया और कहा कि जनता महंगाई और बेरोजगारी से पहले ही परेशान है।







