Newshaat_Logo

यूपी कांग्रेस को मिली बड़ी मजबूती, राष्ट्रीय जन सरदार पार्टी का कांग्रेस में विलय; सैकड़ों लोगों ने थामा हाथ

 
यूपी कांग्रेस को मिली बड़ी मजबूती, राष्ट्रीय जन सरदार पार्टी का कांग्रेस में विलय; सैकड़ों लोगों ने थामा हाथ

UP News: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने संगठन विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। सिद्धार्थनगर की राष्ट्रीय जन सरदार पार्टी ने बुधवार को कांग्रेस में विलय की घोषणा कर दी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमन्त चौधरी ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करते हुए अपनी पार्टी को कांग्रेस में शामिल करने का ऐलान किया।

यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय स्थित नेहरू भवन में आयोजित हुआ। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम की मौजूदगी में राष्ट्रीय जन सरदार पार्टी के कई पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कांग्रेस का दामन थामा।

32 प्रधान और 17 बीडीसी सदस्य भी कांग्रेस में शामिल

राष्ट्रीय जन सरदार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरव सिंह समेत पार्टी से जुड़े 32 ग्राम प्रधान और 17 बीडीसी सदस्य भी कांग्रेस में शामिल हुए। इनके अलावा प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में विकास श्रीवास्तव, अरजेश वर्मा, अनिल यादव, सूर्य प्रकाश चौधरी, सुभाष चौधरी, राम नेवास चौधरी, यार मोहम्मद, कन्हैया यादव, प्रदीप भारती, लालेन्द्र चौधरी, निशान्त पाण्डेय, राम सागर चौधरी, बादल चौधरी, राजेश चौधरी गब्बर, फकरूल हसन, चन्द्रिका चौधरी, डॉ. एसपी वर्मा, आदर्श चौधरी और आलोक चौधरी समेत कई लोग शामिल रहे।

कांग्रेस नेतृत्व पर जताया भरोसा

पार्टी में शामिल होने के दौरान हेमन्त चौधरी ने कांग्रेस की नीतियों में विश्वास जताया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व के प्रति भरोसा व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय जन सरदार पार्टी के कांग्रेस में विलय की घोषणा की।

कांग्रेस की ओर से इसे प्रदेश में पार्टी के संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर नए लोगों को जोड़ने की दिशा में अहम कदम बताया जा रहा है।

पूर्व CRPF DIG ने भी ली कांग्रेस की सदस्यता

कार्यक्रम के दौरान एक और महत्वपूर्ण राजनीतिक जुड़ाव देखने को मिला। पूर्व CRPF DIG केके चौधरी, जो सीतापुर जिले से हैं, ने भी प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इनके जुड़ने से पार्टी को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में संगठनात्मक स्तर पर मजबूती मिलेगी।