Newshaat_Logo

UP MLC Election 2026: घर बैठे चेक करें अपना पोलिंग बूथ और वोटर लिस्ट नंबर...Full Process

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर मतदाताओं के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर मतदाता अपने मतदान केंद्र और वोटर लिस्ट में क्रम संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. जानकारी के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट पर जाएं..

 
UP ELECTION 2026

Uttar Pradesh:  उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में मतदान करने वाले मतदाताओं के लिए जरूरी खबर है। 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान से पहले मतदाता घर बैठे अपना पोलिंग बूथ और मतदाता सूची में क्रम संख्या पता कर सकते हैं। इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

Election 2026 Date Announcement Election Commission Press Conference: West Bengal, Tamil Nadu, Assam, Kerala, Puducherry Assembly Polls

मतदान के दिन किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए मतदाताओं को पहले ही अपने मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त कर लेनी चाहिए। इसके साथ ही मतदान केंद्र पर अपनी पहचान प्रमाणित करने के लिए जरूरी दस्तावेज भी तैयार रखने होंगे।

एक क्लिक में ऐसे पता करें अपना पोलिंग बूथ


मतदाता अपना मतदान केंद्र जानने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर जा सकते हैं। वेबसाइट पर उपलब्ध ‘Search your polling station by name for Graduate and Teacher Constituency’ पॉपअप पर क्लिक करना होगा।

इसके बाद संबंधित स्नातक या शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और जिले का चयन करना होगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद मतदाता अपने मतदान केंद्र और मतदाता सूची में दर्ज क्रम संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

नाम और कैप्चा डालते ही मिलेगी जानकारी

अपना पोलिंग बूथ खोजने के लिए मतदाताओं को संबंधित निर्वाचन क्षेत्र और जिले का चयन करने के बाद अपना नाम दर्ज करना होगा। जरूरत के अनुसार संबंधी का नाम भी दर्ज किया जा सकता है। नाम के पहले या दूसरे अक्षर के आधार पर भी खोज करने का विकल्प दिया गया है।

इसके बाद स्क्रीन पर दिखाई देने वाला कैप्चा कोड भरकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद संबंधित मतदाता के मतदान केंद्र और मतदाता सूची में क्रम संख्या का विवरण देखा जा सकेगा।

23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान निर्धारित है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।

मतदाताओं को सलाह दी गई है कि वे मतदान से पहले अपने मतदेय स्थल की जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि मतदान के दिन केंद्र खोजने में समय बर्बाद न हो।

वोट डालने के लिए कौन-कौन से पहचान पत्र मान्य?

मतदान केंद्र पर मतदाता फोटो पहचान पत्र यानी EPIC प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता यह पहचान पत्र नहीं दिखा पाता है, तो निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों के माध्यम से अपनी पहचान प्रमाणित कर सकता है।

इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट शामिल हैं। इसके अलावा निर्धारित शर्तों के अनुसार सरकारी या सार्वजनिक उपक्रमों के सेवा पहचान पत्र, सांसदों-विधायकों और पार्षदों के आधिकारिक पहचान पत्र तथा संबंधित शैक्षणिक संस्थान की ओर से जारी सेवा पहचान पत्र भी मान्य हो सकते हैं।

डिग्री और दिव्यांगता पहचान पत्र भी विकल्पों में शामिल

निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में विश्वविद्यालय की ओर से जारी मूल डिग्री या डिप्लोमा प्रमाण पत्र, सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी मूल दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड भी शामिल हैं।

मतदाताओं को इनमें से किसी एक मान्य दस्तावेज को साथ रखना चाहिए। दस्तावेजों की स्वीकार्यता के संबंध में निर्वाचन आयोग के संबंधित निर्देशों का पालन करना जरूरी है।

निर्वाचन अधिकारी की मतदाताओं से अपील

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान से पहले ऑनलाइन माध्यम से अपना पोलिंग बूथ और मतदाता सूची में क्रम संख्या जांच लें। इसके बाद जरूरी पहचान दस्तावेज के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।

महत्वपूर्ण लिंक: मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट

मतदान की तारीख: 23 अक्टूबर 2026

मतदान का समय: सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक