Newshaat_Logo

UP News: पुलिस की निगरानी को दो बार चकमा देकर वाराणसी पहुंचीं पल्लवी पटेल, बीएचयू गेट पर प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार

 
पुलिस की निगरानी को दो बार चकमा देकर वाराणसी पहुंचीं पल्लवी पटेल, बीएचयू गेट पर प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार
UP News: अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय नेता और सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने सोमवार को वाराणसी में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन को लगातार दूसरी बार चकमा देकर राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी। प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए वह कड़ी निगरानी के बावजूद बीएचयू सिंह द्वार तक पहुंच गईं।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने पहले ही प्रदर्शन को अनुमति देने से इनकार कर दिया था और पार्टी नेताओं की धरपकड़ शुरू कर दी थी। रविवार देर रात जौनपुर में पुलिस ने पल्लवी पटेल को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह रास्ता बदलकर खेतों के रास्ते निकल गईं। करीब एक किलोमीटर पैदल चलने के बाद उन्होंने एक ऑटो से वाराणसी की ओर सफर किया और रात में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच रहीं।

सोमवार को पुलिस की सख्त निगरानी के बावजूद पल्लवी पटेल चेहरा ढंककर बीएचयू सिंह द्वार पहुंचीं, जहां पहले से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। यहां उन्होंने नीट, लेखपाल भर्ती, यूपीएसआई समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा से जुड़े विवादों की स्वतंत्र जांच, लेखपाल भर्ती परीक्षा दोबारा कराने, यूपीएसआई भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पेपर लीक मामलों में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।

सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय की ओर मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पल्लवी पटेल समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तारी के दौरान प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव, राजेश प्रधान, रामशिला पटेल, अजय सिंह और दिलीप पटेल सहित पार्टी के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। घटना के बाद वाराणसी में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और विपक्षी दलों ने भी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।