UP Police Transfer: चुनाव 2027 से पहले बड़ा एक्शन! 88 इंस्पेक्टरों का तबादला, गाजियाबाद-आगरा में मची हलचल!
UP: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) मुख्यालय ने गाजियाबाद और आगरा कमिश्नरेट में तैनात 88 निरीक्षकों का तबादला कर दिया है। 25 नवंबर को जारी दो अलग-अलग आदेशों के तहत गाजियाबाद के 43 और आगरा के 45 इंस्पेक्टरों को दूसरे कमिश्नरेट में नई जिम्मेदारी दी गयी है। सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिये गये हैं।

चुनाव आयोग के नियमों के तहत लिया गया फैसला
DGP मुख्यालय के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए यह तबादला किया गया है। इसमें उन निरीक्षकों को शामिल किया गया है, जिन्होंने एक जनपद में तीन साल की सेवा पूरी कर ली है या 31 मई 2027 तक पिछले चार वर्षों में तीन साल की सेवा पूरी कर लेंगे। स्थानीय स्तर पर समायोजन नहीं हो पाने के कारण दूसरे कमिश्नरेट में तैनाती दी गयी है।
गाजियाबाद के 43 इंस्पेक्टरों की बदली तैनाती
गाजियाबाद कमिश्नरेट से स्थानांतरित 43 निरीक्षकों को कानपुर नगर, लखनऊ, आगरा, गौतमबुद्धनगर और प्रयागराज भेजा गया है। इस सूची में योगेन्द्र सिंह, जितेन्द्र कुमार तिवारी और अविनाश कुमार त्रिपाठी समेत 43 नाम शामिल हैं।
आगरा के 45 निरीक्षक भी दूसरे कमिश्नरेट भेजे गये
आगरा कमिश्नरेट के 45 निरीक्षकों को गौतमबुद्धनगर, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर नगर और गाजियाबाद में तैनाती दी गयी है। इनमें आलोक कुमार सिंह, सत्यदेव वर्मा, समरेश कुमार सिंह और विजय विक्रम सिंह समेत अन्य निरीक्षक शामिल हैं।
तत्काल कार्यमुक्त करने का निर्देश
पुलिस स्थापना बोर्ड के अनुमोदन के बाद DGP मुख्यालय ने दोनों आदेश जारी किये हैं। संबंधित पुलिस आयुक्तों को निर्देश दिया गया है कि स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त कर नई तैनाती पर भेजने की कार्रवाई पूरी करें। चुनाव से पहले इस फेरबदल को पुलिस प्रशासन की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।







