UP Weather Alert: यूपी में आसमान से आफत का अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश का खतरा; योगी सरकार ने अधिकारियों को उतारा मैदान में
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर लोगों की मुश्किल बढ़ा सकता है। भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की आशंका के बीच योगी सरकार ने संवेदनशील जिलों में प्रशासनिक मशीनरी को अलर्ट मोड पर कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26 और 27 सितंबर को भारी से अत्यधिक भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश और संभावित आकस्मिक बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारियों को खुद क्षेत्र में स्थिति की निगरानी करने और जरूरत के मुताबिक तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
रेड अलर्ट वाले जिलों में स्कूल बंद रखने का निर्देश
सरकार की ओर से रेड अलर्ट और आकस्मिक बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने ऐसे जिलों में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और मौसम की स्थिति बिगड़ने पर स्थानीय स्तर पर तत्काल निर्णय लेने को कहा गया है।
24 घंटे में प्रभावित परिवारों तक पहुंचे मदद
बारिश और आकाशीय बिजली से होने वाले नुकसान का तत्काल आकलन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार ने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित परिवारों को नियमों के तहत 24 घंटे के भीतर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जर्जर मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। जरूरत पड़ने पर ऐसे परिवारों को नजदीकी राहत शिविर या सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत आयुक्त ने जिलाधिकारियों के साथ की समीक्षा
मौसम की स्थिति को लेकर राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को सिर्फ कार्यालयों तक सीमित न रहने, बल्कि फील्ड में सक्रिय रहने और स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। किसी भी तरह की आपात स्थिति सामने आने पर राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू करने को कहा गया है।
27 सितंबर तक बारिश और आंधी का असर
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश और 27 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। दोनों दिनों में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी है। पश्चिमी यूपी में भी 26 सितंबर को अत्यधिक भारी और 27 सितंबर को बहुत भारी बारिश के साथ आंधी-वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
इसके बाद 28 सितंबर से यूपी के दोनों प्रमुख क्षेत्रों के लिए फिलहाल कोई वर्षा चेतावनी नहीं है।
इन जिलों पर खास नजर
रेड अलर्ट को देखते हुए लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
वहीं ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, महाराजगंज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं समेत कई जिले शामिल हैं।
इन इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा
बारिश के साथ कुछ वाटरशेड क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का खतरा भी बताया गया है। आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, अयोध्या, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट समेत कई इलाकों में राहत और बचाव एजेंसियों को जरूरत के अनुसार तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आंधी-वज्रपात में इन बातों का रखें ध्यान
सरकार ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। तेज आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़, पार्क और बाग जैसे स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। नदियों और जलाशयों में जाने से भी लोगों को सावधान किया गया है।
प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कोई व्यक्ति भारी बारिश के दौरान खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न हो। राहत और बचाव से जुड़ी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने के साथ-साथ मौसम संबंधी चेतावनियां स्थानीय माध्यमों और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।







