Newshaat_Logo

UP Weather Today: छठ पर पश्चिमी यूपी में बारिश के आसार! 5 डिग्री तक गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठंड

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं. छठ के संध्या अर्घ्य के दौरान पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई थी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. वहीं, आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान है, जिससे ठंड बढ़ सकती है.
 
UP

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य और सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारियों के बीच पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार को पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, इसके बाद प्रदेश में ठंड का असर तेजी से बढ़ सकता है। अगले तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

पश्चिमी यूपी में बारिश, ठंडी हवाओं से बढ़ेगी सर्दी

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक की भी आशंका है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने के बाद उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

16 से 18 नवंबर के बीच प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने का अनुमान है। इसका असर दिन और रात दोनों के मौसम पर दिखाई दे सकता है। सुबह और देर रात ठंड बढ़ने के साथ कोहरे की परेशानी भी बढ़ सकती है।

छठ के अर्घ्य के समय कैसा रहेगा मौसम?

मौसम में बदलाव के बीच रविवार शाम संध्या अर्घ्य और सोमवार सुबह उषा अर्घ्य देने के लिए घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की जरूरत है। पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और देर रात धुंध या कोहरा छा सकता है।

राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह कुछ समय धुंध रहने के बाद आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

बरेली में दृश्यता शून्य, कई जिलों में कोहरे का असर

शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में धुंध और कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम दर्ज की गई। बरेली में दृश्यता शून्य रही, जबकि कुशीनगर में 50 मीटर, मेरठ में 80 मीटर और मुरादाबाद में 100 मीटर दर्ज की गई। आजमगढ़ में दृश्यता 200 मीटर और लखनऊ में सुबह के समय 350 मीटर रही।

कम दृश्यता का असर खासकर सुबह के समय देखने को मिला। ऐसे में वाहन चालकों को सुबह और देर रात यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

शाहजहांपुर और मेरठ में सबसे कम तापमान

शनिवार को शाहजहांपुर और मेरठ में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री और अयोध्या व इटावा में 15 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं, मुरादाबाद में अधिकतम तापमान सबसे कम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ठंड और कोहरे का असर बढ़ सकता है। ऐसे में छठ घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं और सुबह-शाम सफर करने वाले लोगों को मौसम के बदलाव को ध्यान में रखकर तैयारी करनी चाहिए।