Newshaat_Logo

यूपी-जापान साझेदारी को मिली नई रफ्तार, रोजगार से पर्यटन तक तीन बड़े समझौते

 
यूपी-जापान साझेदारी को मिली नई रफ्तार, रोजगार से पर्यटन तक तीन बड़े समझौते

UP News: उत्तर प्रदेश और जापान के बीच बढ़ते सहयोग को अब रोजगार, पर्यटन और कौशल विकास के स्तर पर भी विस्तार मिलने जा रहा है। लखनऊ में आयोजित यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट के दौरान तीन महत्वपूर्ण एमओयू हुए, जिनका सीधा फायदा प्रदेश के युवाओं, पर्यटन क्षेत्र और जापानी कंपनियों को मिलने की उम्मीद है। समझौतों के जरिए जापान में युवाओं के लिए रोजगार, जापानी भाषा में दक्ष मानव संसाधन तैयार करने और दोनों क्षेत्रों के बीच पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

100 से ज्यादा यूपी के युवाओं को जापान में मिला रोजगार

पहला समझौता इन्वेस्ट यूपी और जापान टेक्निकल ट्रेनिंग सेंटर (टीटीआरसी) के बीच हुआ। उत्तर प्रदेश की ओर से अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार और जापानी पक्ष से टीटीआरसी के डायरेक्टर सुचकी कमाडा ने एमओयू का आदान-प्रदान किया।

कार्यक्रम में बताया गया कि टीटीआरसी के सहयोग से अब तक उत्तर प्रदेश के 100 से अधिक युवा जापान में रोजगार हासिल कर चुके हैं। इस उपलब्धि को यूपी और जापान के बीच बढ़ते कौशल एवं रोजगार सहयोग के महत्वपूर्ण उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।

इस दौरान जापान में नौकरी प्राप्त करने वाले प्रदेश के दो युवाओं पुष्पेंद्र सिंह चौहान और आदर्श कुमार कुशवाहा को मंच पर सम्मानित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उनकी सफलता ने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं का भी उत्साह बढ़ाया।

जापानी पर्यटकों को यूपी की ओर आकर्षित करने की तैयारी

दूसरा एमओयू उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के बीच हुआ। इसका मकसद दोनों क्षेत्रों के बीच पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाना और लंबे समय तक चलने वाला आपसी सहयोग विकसित करना है।

उत्तर प्रदेश की ओर से पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और जापानी पक्ष से यामानाशी प्रीफेक्चर के संस्कृति, पर्यटन एवं खेल विभाग के डायरेक्टर जनरल योशी यूकी कोजुमी ने समझौते का आदान-प्रदान किया।

इस साझेदारी के तहत दोनों पक्ष अपने-अपने पर्यटन स्थलों और संभावनाओं को एक-दूसरे के पर्यटकों तक पहुंचाने की दिशा में काम करेंगे। इससे यूपी के बौद्ध, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और हेरिटेज पर्यटन को जापानी पर्यटकों के बीच बढ़ावा देने का रास्ता और मजबूत होगा।

जापानी भाषा सीखेंगे युवा, बढ़ेंगे विदेश में रोजगार के अवसर

तीसरा समझौता उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन विभाग और यामानाशी प्रीफेक्चर के बीच हुआ। इसका मुख्य फोकस जापानी भाषा में दक्ष और रोजगार योग्य मानव संसाधन तैयार करना है।

उत्तर प्रदेश की ओर से श्रम एवं सेवायोजन विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. एमके शनमुखा सुंदरम और जापानी पक्ष से यामानाशी प्रीफेक्चर सरकार के इनोवेशन प्रमोशन ब्यूरो के डायरेक्टर जनरल कत्सुया हादा ने एमओयू का प्रतिनिधित्व किया।

समझौते के माध्यम से युवाओं को जापानी भाषा और आवश्यक कौशल में प्रशिक्षित करने तथा उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर सहयोग बढ़ाया जाएगा। इससे एक ओर जहां जापानी कंपनियों को प्रशिक्षित और भाषा दक्ष कर्मचारी मिल सकेंगे, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए जापान में रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

रोजगार और कौशल के साथ मजबूत होंगे यूपी-जापान के रिश्ते

तीनों समझौते उत्तर प्रदेश और जापान के बीच संबंधों को निवेश से आगे ले जाकर रोजगार, कौशल, पर्यटन और मानव संसाधन विकास से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं। इससे प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने का अवसर मिलने के साथ जापानी कंपनियों के लिए प्रशिक्षित वर्कफोर्स तैयार करने में भी मदद मिलेगी।

यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में हुए इन समझौतों से दोनों पक्षों के बीच सहयोग को संस्थागत आधार मिलने और आने वाले समय में रोजगार एवं निवेश के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।