सेमीकंडक्टर की रेस में यूपी की बड़ी एंट्री, दिल्ली के यशोभूमि में दिखेगा प्रदेश का इकोसिस्टम
UP News: सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश अब अपनी तैयारियों को वैश्विक मंच पर पेश करने जा रहा है। सेमीकॉन इंडिया 2026 का आयोजन 17 से 19 सितंबर तक नई दिल्ली के यशोभूमि (आईआईसीसी), द्वारका में होगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश अपने उभरते सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और निवेश से जुड़ी नीतियों को दुनिया के सामने रखेगा।
इस आयोजन में सेमीकंडक्टर कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न राज्यों की सरकारें, भारतीय उद्योग जगत, स्टार्टअप और इस क्षेत्र से जुड़े अन्य विशेषज्ञ एवं संस्थान हिस्सा लेंगे।
यूपी के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम की दिखाई जाएगी तस्वीर
सेमीकॉन इंडिया में उत्तर प्रदेश की ओर से प्रचार वीडियो और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश में तैयार हो रहे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को प्रदर्शित किया जाएगा।
इन प्रस्तुतियों में राज्य में उपलब्ध बुनियादी ढांचे, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग की क्षमता, नीतिगत सहयोग और आने वाले समय की तैयारियों को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। इसके जरिए उत्तर प्रदेश को भारत के तेजी से विकसित हो रहे इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र के प्रमुख हिस्से के तौर पर पेश करने की योजना है।
‘सिलिकॉन से सिस्टम’ तक होगी चर्चा
सेमीकॉन इंडिया 2026 की थीम ‘ट्रांसफॉर्म टुमारो–सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग ग्लोबल सप्लाई चेन्स’ रखी गई है। कार्यक्रम में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग की पूरी वैल्यू चेन पर चर्चा के साथ तकनीक और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े उत्पादों का प्रदर्शन भी होगा।
500 से ज्यादा प्रदर्शक, 10 स्टेट पवेलियन
आयोजन में 500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। करीब 2 लाख वर्गफुट क्षेत्र में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें 10 स्टेट पवेलियन और सात कंट्री पवेलियन भी बनाए गए हैं।
स्टार्टअप्स के लिए अलग स्टार्टअप पवेलियन होगा, जिसमें करीब 40 स्टार्टअप भाग लेंगे। इसके अलावा 150 से अधिक वक्ताओं के सत्र, राज्य सरकारों की राउंडटेबल बैठकें, प्रशिक्षण सत्र, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कंपोनेंट्स पर विशेष ट्रैक और कंट्री राउंडटेबल भी आयोजित किए जाएंगे।
निवेश और मैन्युफैक्चरिंग क्षमता पर यूपी का फोकस
सेमीकॉन इंडिया 2026 में उत्तर प्रदेश की भागीदारी का एक प्रमुख उद्देश्य प्रदेश में विकसित हो रहे इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम की जानकारी निवेशकों और उद्योग जगत तक पहुंचाना है।
राज्य की मौजूदा सुविधाओं के साथ-साथ नीतिगत समर्थन और भविष्य में इस क्षेत्र के विस्तार की तैयारियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
ग्लोबल कंपनियों और राज्यों को मिलेगा संवाद का मंच
तीन दिवसीय आयोजन में सेमीकंडक्टर उद्योग की बदलती जरूरतों, निवेश, नई तकनीक, वैश्विक सप्लाई चेन और भविष्य के लिए जरूरी कार्यबल जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
अंतरराष्ट्रीय कंपनियों, राज्य सरकारों और उद्योग जगत के बीच संवाद के जरिए निवेश और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा। साथ ही सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग की जरूरतों के मुताबिक कुशल कार्यबल तैयार करने से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता दी जाएगी।







