Movie prime

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर वोटिंग, राष्ट्रपति मुर्मू, राहुल ने वोट डाला, 11 बजे तक 19.95% मतदान

 

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए 7 बजे से वोटिंग जारी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, LG वीके सक्सेना, राहुल गांधी, विदेश मंत्री एस जयशंकर और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी वोट डाल चुके हैं। 11 बजे तक 19.95% वोटिंग हो चुकी है।

वोटिंग के दौरान AAP के 2 विधायकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। AAP विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ एक महिला ने संगम विहार थाने में फ्लाइंग किस देने का केस दर्ज कराया है। वहीं, ओखला विधानसभा से AAP विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ जामिया नगर थाने में आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया है।

वोटिंग के बाद CM आतिशी ने कहा- दिल्ली का चुनाव धर्मयुद्ध है। नई दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस बार जनता प्रधानमंत्री मोदी के विजन को दिल्ली में लाने के लिए वोट कर रही है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा- लोग शीला दीक्षित के विकास के दिन याद कर रहे हैं।

वोट डालने के बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "मेरी अपील है कि आप अपने घरों से बाहर निकलें और वोट डालें। हमारे संविधान ने हमें सबसे महत्वपूर्ण अधिकार दिया है, इसलिए हमें इसका उपयोग करना चाहिए। मुझे पता है कि दिल्ली के लोग तंग आ चुके हैं। मैं जहां भी जाती हूं, लोग कहते हैं कि पानी, हवा और सड़कों की स्थिति बिल्कुल अच्छी नहीं है। कई मुद्दे हैं, अगर हम उन्हें हल करना चाहते हैं, तो बाहर आएं और अपना वोट डालें।

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल और माता-पिता गोबिंद राम केजरीवाल और गीता देवी के साथ लेडी इरविन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वोट डालने पहुंचे। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से अरविंद केजरीवाल का मुकाबला कांग्रेस के संदीप दीक्षित और भाजपा के प्रवेश वर्मा से है।