‘हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है’ : बिजनौर से योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- यूपी को दंगा-माफिया मुक्त बनाया
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिजनौर दौरे के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। करीब 1,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने कानून-व्यवस्था, गन्ना किसानों और प्रदेश के विकास को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश को दंगा, माफिया और अपराध की राजनीति से बाहर निकालकर विकास और सुशासन की राह पर आगे बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल ऐसे उत्तर प्रदेश की कल्पना करते हैं, जहां दंगे, गुंडागर्दी और अपराध का बोलबाला हो। उन्होंने कहा, “उन्हें जिन्ना पसंद हैं, लेकिन हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है। हमारी सरकार ने किसानों के हित में गन्ने का मूल्य बढ़ाया और उनके भुगतान की व्यवस्था मजबूत की है।”
‘अब बिना डर के निकलती हैं धार्मिक यात्राएं’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले की सरकारें कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहती थीं, जिसके कारण कांवड़ यात्रा, श्रीराम नवमी, जन्माष्टमी और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध या पाबंदियां लगाई जाती थीं। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहे हैं।
विपक्ष पर साधा राजनीतिक निशाना
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित समाज को हिंदू समाज से अलग करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन प्रदेश की जनता ऐसी राजनीति को समझ चुकी है।
बिजनौर के विकास का किया जिक्र
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए जिले में हुए विकास कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज बिजनौर में हाईवे, रेलवे, मेडिकल कॉलेज जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं और गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।
‘विकास नहीं दिखता तो तेंदुआ भी दिखा दीजिए’
भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने हल्के अंदाज में विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन्हें बिजनौर का विकास दिखाई नहीं देता, उन्हें जिले का चर्चित तेंदुआ भी दिखा दीजिए, शायद तब उन्हें यहां की बदलती तस्वीर नजर आ जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है। मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है और राज्य तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।







