दिसंबर में कब है उत्पन्ना एकादशी? जानें पूजा का शुभ समय और पारण की पूरी जानकारी
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल उत्पन्ना एकादशी का व्रत 4 दिसंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा. महावीर और मिथिला पंचांग के संदर्भ में पंडित दिनेश चंद्र शास्त्री ने इसकी पुष्टि की है. एकादशी तिथि 3 दिसंबर की रात 11:03 बजे से शुरू होकर 4 दिसंबर की रात 11:44 बजे तक रहेगी. उदय व्यापिनी तिथि के कारण 4 दिसंबर को व्रत रखना शुभ होगा। वहीं, व्रत का पारण 5 दिसंबर, शनिवार को सुबह 6:19 बजे से 8:26 बजे तक किया जाएगा. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु के शरीर से उत्पन्न दिव्य कन्या ने मुरासुर का वध किया था.
Utpanna Ekadashi 2026 Date: हिंदू धर्म में एकादशी व्रत का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इन्हीं में उत्पन्ना एकादशी को सभी एकादशी व्रतों की जननी कहा जाता है। मार्गशीर्ष यानी अगहन महीने के कृष्ण पक्ष में पड़ने वाली इस एकादशी को लेकर इस साल श्रद्धालुओं के बीच तारीख को लेकर असमंजस बना हुआ है। पंचांग के अनुसार, एकादशी तिथि 3 दिसंबर की रात से शुरू होकर 4 दिसंबर की रात तक रहेगी। ऐसे में सवाल है कि व्रत किस दिन रखा जाएगा?

पंडित दिनेश चंद्र शास्त्री के मुताबिक, महावीर और मिथिला पंचांग के अनुसार, वर्ष 2026 में उत्पन्ना एकादशी का व्रत 4 दिसंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा। उदय व्यापिनी तिथि के आधार पर गृहस्थ और संन्यासी दोनों इसी दिन व्रत करेंगे।
उत्पन्ना एकादशी 2026: कब शुरू और कब समाप्त होगी तिथि?
पंचांग के अनुसार, अगहन कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि 3 दिसंबर 2026, गुरुवार को रात 11 बजकर 03 मिनट पर शुरू होगी। वहीं, इसका समापन 4 दिसंबर 2026, शुक्रवार को रात 11 बजकर 44 मिनट पर होगा।
चूंकि 4 दिसंबर को सूर्योदय के समय एकादशी तिथि मौजूद रहेगी, इसलिए इसी दिन व्रत रखना शुभ माना गया है।
उत्पन्ना एकादशी 2026 की महत्वपूर्ण तिथियां और समय:
-
व्रत की तारीख: 4 दिसंबर 2026, शुक्रवार
-
एकादशी तिथि प्रारंभ: 3 दिसंबर, रात 11:03 बजे
-
एकादशी तिथि समाप्त: 4 दिसंबर, रात 11:44 बजे
-
व्रत का आधार: उदय व्यापिनी तिथि
-
व्रत रखने वाले: गृहस्थ और संन्यासी दोनों
उत्पन्ना एकादशी 2026 पारण कब होगा?
एकादशी व्रत का पारण द्वादशी तिथि में किया जाता है। इसलिए उत्पन्ना एकादशी व्रत का पारण 5 दिसंबर 2026, शनिवार को किया जाएगा।
पंडित दिनेश चंद्र शास्त्री के अनुसार, पारण के लिए शुभ समय सुबह 6 बजकर 19 मिनट से 8 बजकर 26 मिनट तक रहेगा। श्रद्धालुओं को इसी अवधि में व्रत खोलना चाहिए।
-
पारण की तारीख: 5 दिसंबर 2026, शनिवार
-
शुभ पारण मुहूर्त: सुबह 6:19 से 8:26 बजे तक
-
द्वादशी तिथि समाप्त: रात 12:51 बजे
क्यों खास है उत्पन्ना एकादशी? जानें पौराणिक कथा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उत्पन्ना एकादशी का संबंध भगवान विष्णु और मुरासुर नामक राक्षस से है। ब्रह्मवैवर्त पुराण में वर्णित कथा के अनुसार, सतयुग में मुरासुर नाम के शक्तिशाली असुर ने देवताओं को पराजित कर स्वर्ग पर अधिकार कर लिया था। इससे परेशान होकर सभी देवता भगवान विष्णु की शरण में पहुंचे।
इसके बाद भगवान विष्णु और मुरासुर के बीच लंबे समय तक भयंकर युद्ध हुआ। युद्ध के दौरान भगवान विष्णु विश्राम करने के लिए बद्रिकाश्रम की हेमवती गुफा में चले गए। इसी दौरान मुरासुर ने उन पर हमला करने की कोशिश की।
तभी भगवान विष्णु के शरीर से दिव्य शक्ति से संपन्न एक कन्या प्रकट हुई। उसने मुरासुर का वध कर दिया। जब भगवान विष्णु की नींद खुली तो उन्होंने कन्या के पराक्रम से प्रसन्न होकर उसे वरदान दिया। चूंकि कन्या का प्राकट्य मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की एकादशी को हुआ था, इसलिए उसका नाम 'एकादशी' रखा गया।
मान्यता है कि भगवान विष्णु ने वरदान दिया था कि इस दिन श्रद्धापूर्वक व्रत रखने वाले भक्तों के पाप नष्ट होंगे और उन्हें मोक्ष की प्राप्ति होगी।
उत्पन्ना एकादशी पर क्या है धार्मिक मान्यता?
धार्मिक विश्वास के अनुसार, उत्पन्ना एकादशी का व्रत रखने और भगवान विष्णु की पूजा करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इस दिन भक्त उपवास रखते हैं, भगवान विष्णु की आराधना करते हैं और दान-पुण्य करते हैं।
इस साल उत्पन्ना एकादशी का व्रत 4 दिसंबर को रखा जाएगा और 5 दिसंबर को पारण किया जाएगा। ऐसे में श्रद्धालु अभी से पूजा और व्रत की तैयारियां कर सकते हैं।







