कौन हैं हसी रानी रथ? नंदीग्राम में BJP ने क्यों जताया भरोसा
Kolkata: पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से स्वर्गीय चंद्रनाथ रथ की मां हसी रानी रथ को उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा के बीच वह आज नामांकन दाखिल करने वाली हैं। हालांकि, भाजपा की ओर से अभी तक उनकी उम्मीदवारी को लेकर औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
हसी रानी रथ समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस निकालकर नामांकन दाखिल करने पहुंचेंगी। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी के भी मौजूद रहने की बात कही जा रही है। नामांकन जुलूस हल्दिया के कदमतला चौराहे से जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक जाएगा।
नामांकन से पहले जानकीनाथ मंदिर में पूजा
नामांकन दाखिल करने से पहले हसी रानी रथ ने नंदीग्राम के जानकीनाथ मंदिर (राम-सीता मंदिर) में पूजा-अर्चना की। भाजपा नेतृत्व की मौजूदगी में मंदिर पहुंचीं हसी रानी रथ का सुदीप दास ने स्वागत किया।
मंदिर में पूजा के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। इसके बाद उनके नामांकन को लेकर समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
हसी रानी रथ के नाम पर पहले से चल रही थी चर्चा
नंदीग्राम विधानसभा सीट शुभेंदु अधिकारी के राजनीतिक सफर से जुड़ी महत्वपूर्ण सीट रही है। सीट खाली होने के बाद से ही सबसे बड़ा सवाल यही था कि भाजपा उपचुनाव में किसे उम्मीदवार बनाएगी।
पार्टी के भीतर कई नामों को लेकर चर्चा चल रही थी, लेकिन स्वर्गीय चंद्रनाथ रथ की मां हसी रानी रथ के नाम को लेकर पहले से ही अटकलें तेज थीं। अब उनके नामांकन की तैयारी के साथ इन चर्चाओं को और बल मिला है।
पहले भी राजनीति में सक्रिय रही हैं हसी रानी रथ
हसी रानी रथ ने पहले भी राजनीति में सक्रिय रहने की बात कही है। एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा था कि अगर पार्टी या शुभेंदु अधिकारी की ओर से उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जाती है, तो वह उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी।
उन्होंने बताया था कि वह 1998 से राजनीति में सक्रिय हैं, दो बार पंचायत सदस्य और तीन बार पंचायत समिति की सदस्य रह चुकी हैं। ऐसे में भाजपा के लिए वह पूरी तरह राजनीति से अनजान चेहरा नहीं हैं।
6 अक्टूबर को होगा नंदीग्राम में मतदान
नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर 2026 को उपचुनाव होना है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 16 सितंबर है। दोनों सीटों पर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस की ओर से संचिता प्रधान दे को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं रीतब्रत गुट की ओर से एहतेशामुल हक और वामपंथी दलों की ओर से सीपीआई के शांतिगोपाल गिरि चुनाव मैदान में हैं।
ममता बनर्जी ने नए चेहरे पर जताया भरोसा
नंदीग्राम सीट को लेकर पहले ऐसी अटकलें भी लगाई जा रही थीं कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद यहां से चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन अटकलों को विराम देते हुए नए चेहरे पर भरोसा जताया है।
अब भाजपा की ओर से हसी रानी रथ के नाम की चर्चा और उनके नामांकन की तैयारियों के बाद नंदीग्राम का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ चंद्रनाथ रथ से जुड़ा मुद्दा भी राजनीतिक बहस का हिस्सा बन सकता है।







