सौरव गांगुली और डोना को कौन मारना चाहता है? 6 महीने से मिल रहे धमकी भरे लेटर
Sourav Ganguly Death Threat: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली है। गांगुली के बेहला स्थित घर पर धमकी भरा पत्र मिलने के बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। परिवार की ओर से पुलिस को बताया गया है कि पिछले कुछ महीनों से अज्ञात व्यक्ति की ओर से धमकी भरे पत्र भेजे जा रहे हैं।

पर्सनल सेक्रेटरी ने ठाकुरपुकुर थाने में दर्ज कराई शिकायत
सौरभ गांगुली की पर्सनल सेक्रेटरी तानिया भट्टाचार्य ने सोमवार रात ठाकुरपुकुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है।
परिवार का आरोप है कि पिछले करीब छह महीनों से सौरभ गांगुली को अंग्रेजी भाषा में धमकी भरे पत्र भेजे जा रहे हैं। शुरुआती पत्रों में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था, लेकिन परिवार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
नए पत्र में सौरभ और डोना को धमकी
शिकायत के मुताबिक, सोमवार को गांगुली के घर पर मिले नए पत्र में सौरभ गांगुली और उनकी पत्नी डोना की जान को सीधे तौर पर खतरा बताया गया। इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई और मामले को पुलिस के संज्ञान में लाया गया।
परिवार की ओर से यह भी बताया गया है कि इससे पहले भी गांगुली परिवार को अज्ञात लोगों की ओर से धमकी मिल चुकी है।
लालबाजार डिटेक्टिव डिपार्टमेंट को दी गई जानकारी
ठाकुरपुकुर थाने की पुलिस ने मामले की जानकारी लालबाजार स्थित डिटेक्टिव डिपार्टमेंट को भी दी है। पुलिस अब धमकी भरे पत्रों के स्रोत और इन्हें भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पिछले छह महीनों में भेजे गए पत्रों और सोमवार को मिले पत्र के बीच कोई संबंध है या नहीं।
पुलिस जांच में जुटी
धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। धमकी भरे पत्र कहां से भेजे गए, इन्हें किसने भेजा और इसके पीछे क्या वजह है, इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस जांच के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमकी देने वाला व्यक्ति कौन है और क्या इस मामले में किसी बड़ी साजिश की आशंका है।







