Newshaat_Logo

किसकी बनेगी सरकार? यूपी चुनाव को लेकर सामने आया संभावित टाइमलाइन

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. चुनाव आयोग जनवरी 2027 के पहले पखवाड़े में यूपी समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर सकता है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरवरी-मार्च में मतदान होने की संभावना है. हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी तक तारीखों का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है.
 
UP Politics

UP Politics:  उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन सत्ताधारी भाजपा से लेकर समाजवादी पार्टी, बसपा और कांग्रेस तक सभी दल अपनी-अपनी चुनावी रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। इस बीच चुनाव आयोग ने भी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति दे दी है। आयोग की टीम हाल ही में मेरठ पहुंची थी, जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनावी व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

चुनाव कार्यक्रम को लेकर भी अब अटकलों का दौर शुरू हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि चुनाव आयोग जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। कुछ रिपोर्ट्स में 5 जनवरी की तारीख भी संभावित बताई गई है। हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फरवरी-मार्च में हो सकता है विधानसभा चुनाव

संभावित चुनावी कार्यक्रम के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में फरवरी से मार्च 2027 के बीच मतदान कराया जा सकता है। चर्चा है कि फरवरी के दूसरे या तीसरे सप्ताह से वोटिंग की शुरुआत हो और मार्च के शुरुआती दिनों तक चुनावी प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। इस बार तीन से चार चरणों में मतदान कराए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मतदान शुरू होने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, मतदान के चरण, तारीख और जिलों का विवरण चुनाव आयोग की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

10 से 12 मार्च के बीच आ सकता है चुनाव परिणाम

चुनाव की संभावित टाइमलाइन को लेकर मतगणना की तारीखों पर भी चर्चा हो रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 10 से 12 मार्च 2027 के बीच वोटों की गिनती हो सकती है। इसके बाद 18 से 20 मार्च के आसपास नई सरकार के गठन की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल ये सभी तारीखें संभावित हैं, आधिकारिक कार्यक्रम नहीं।

भाजपा से लेकर सपा तक, सभी दलों ने तेज की तैयारी

चुनावी मुकाबले को देखते हुए प्रदेश के राजनीतिक दलों ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। भाजपा एक बार फिर सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ संगठन को मजबूत करने और चुनावी समीकरण साधने में जुटी है। वहीं, समाजवादी पार्टी भी सरकार को घेरने और अपने जनाधार को बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।

बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस भी चुनावी मैदान में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं। इसके अलावा आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम जैसी पार्टियों की गतिविधियों पर भी राजनीतिक नजरें टिकी हैं।

अखिलेश का PDA बनाम योगी का विकास और हिंदुत्व

2027 के चुनाव में भाजपा और समाजवादी पार्टी की रणनीतियां खास तौर पर चर्चा में हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA समीकरण को प्रमुखता दे रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि इस सामाजिक समीकरण के जरिए वह चुनाव में मजबूत चुनौती पेश कर सकेगी।

दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा विकास कार्यों और हिंदुत्व के मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने को लेकर सामने आई चर्चाओं ने भी राजनीतिक बहस को नया मोड़ दिया है।

मेरठ में चुनावी तैयारियों का लिया गया जायजा

विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग की टीम ने मेरठ पहुंचकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की थी। इस दौरान अधिकारियों के साथ मतदाता सूची, मतदान केंद्रों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े इंतजामों पर चर्चा हुई। इसे आगामी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

अब प्रदेश की राजनीति में सबकी नजरें चुनाव आयोग की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। जनवरी में चुनाव कार्यक्रम जारी होने की चर्चाओं के बीच आने वाले महीनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।