क्या बदलेगा अलीगढ़ का नाम? हरिगढ़ प्रस्ताव पर सरकार ने मांगी रिपोर्ट, चुनावी साल में तेज हुई सियासत
UP News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर अलीगढ़ का नाम बदलने की चर्चा तेज हो गई है। अलीगढ़ का नाम ‘हरिगढ़’ किए जाने के प्रस्ताव पर शासन ने प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इस कदम के बाद राजनीतिक गलियारों में बहस शुरू हो गई है और पक्ष-विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं।
राजस्व परिषद के आयुक्त एवं सचिव सूरज कुमार यादव की ओर से जिला प्रशासन को भेजे गए पत्र में अलीगढ़ का नाम बदलकर हरिगढ़ किए जाने के प्रस्ताव पर औचित्यपूर्ण रिपोर्ट मांगी गई है। यह प्रस्ताव जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपा गया था। अब शासन ने इस मामले में कमिश्नर के माध्यम से विस्तृत आख्या भेजने के निर्देश दिए हैं।
2021 में भी पारित हुआ था प्रस्ताव
यह पहला मौका नहीं है जब अलीगढ़ का नाम बदलने की मांग उठी हो। वर्ष 2021 में जिला पंचायत की पहली बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने का प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा था। अब उसी प्रस्ताव पर कार्रवाई आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।
600 साल में कई बार बदला शहर का नाम
इतिहासकारों के अनुसार, अलीगढ़ का नाम समय-समय पर कई बार बदला गया है। कभी यह कोल के नाम से जाना जाता था, बाद में सब्जाबाद, मोहम्मदगढ़, साबितगढ़ और वर्ष 1775 में नजफ अली खान के नाम पर इसका नाम अलीगढ़ रखा गया। इसके बाद अंग्रेजी शासन में भी यही नाम बरकरार रहा।
बीजेपी नेताओं ने किया स्वागत
जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले ही मुख्यमंत्री को इस संबंध में प्रस्ताव दिया था और अब उस पर कार्रवाई शुरू होना सकारात्मक संकेत है।
वहीं, सांसद सतीश गौतम ने कहा कि यदि शहर का नाम हरिगढ़ होता है तो यह स्वागत योग्य कदम होगा। कोल विधायक अनिल पाराशर ने भी दावा किया कि हरिगढ़ इस क्षेत्र की प्राचीन पहचान रही है और उसी नाम को पुनः स्थापित किया जाना चाहिए।
विपक्ष ने उठाए सवाल
नाम बदलने की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता चौधरी बिजेंद्र सिंह ने इसे जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति बताया। वहीं कांग्रेस ने भी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की मूल समस्याओं को छोड़कर नाम बदलने की राजनीति की जा रही है।
चुनावी साल में फिर गरमाया मुद्दा
अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने की कवायद ऐसे समय तेज हुई है, जब उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल बनना शुरू हो चुका है। शासन द्वारा रिपोर्ट मांगे जाने के बाद अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार इस प्रस्ताव पर आगे क्या फैसला लेती है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो यह उत्तर प्रदेश में नाम परिवर्तन की राजनीति का एक और बड़ा अध्याय साबित हो सकता है।







