योगी कैबिनेट का कामकाजी महिलाओं को बड़ा तोहफा, वाराणसी में बनेगा 500 बेड का आधुनिक हॉस्टल; छात्राओं के लिए भी 112 सीटों का नया छात्रावास मंजूर
UP News: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कामकाजी महिलाओं और छात्राओं के लिए मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए। सरकार ने वाराणसी में कामकाजी महिलाओं के लिए 500 क्षमता वाले आधुनिक छात्रावास के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही वाराणसी के वसंत महिला महाविद्यालय, राजघाट फोर्ट में छात्राओं के लिए 112 सीटों वाले नए हॉस्टल के निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया है।
6000 वर्गमीटर सरकारी जमीन पर बनेगा 500 बेड का हॉस्टल
कैबिनेट के फैसले के मुताबिक वाराणसी में कामकाजी महिलाओं के लिए 500 बेड की क्षमता वाला हॉस्टल बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए 6000 वर्गमीटर सरकारी भूमि महिला कल्याण विभाग को निशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। यह जमीन वर्तमान में हरिजन इंडस्ट्रियल गवर्नमेंट, उत्तर प्रदेश सरकार के नाम दर्ज है, जिसे अब महिला कल्याण विभाग के पक्ष में स्थानांतरित किया जाएगा।
इस हॉस्टल का पूरा निर्माण राज्य सरकार के वित्त पोषण से कराया जाएगा। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि सरकार ने कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है।
सुरक्षित और किफायती आवास उपलब्ध कराने पर जोर
सरकार के मुताबिक प्रदेश में निजी, सरकारी और औद्योगिक क्षेत्रों में महिला कर्मचारियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित और किफायती आवास उपलब्ध कराने की जरूरत को देखते हुए महिला कल्याण विभाग की ओर से हॉस्टल तैयार किए जा रहे हैं।
इन छात्रावासों का संचालन ‘नॉन-कॉमर्शियल, नो प्रॉफिट-नो लॉस’ के आधार पर किया जाएगा। बजट में कुल सात छात्रावासों के निर्माण का प्रावधान किया गया था। इनमें झांसी, आगरा, मेरठ और गोरखपुर के लिए पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है। अब वाराणसी को भी इस योजना में शामिल कर लिया गया है।
वसंत महिला महाविद्यालय में 112 छात्राओं के लिए बनेगा नया हॉस्टल
कैबिनेट ने छात्राओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए वाराणसी स्थित वसंत महिला महाविद्यालय, राजघाट फोर्ट में 112 सीटों वाले नए छात्रावास के निर्माण को भी मंजूरी दी है। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि यह महाविद्यालय काशी हिंदू विश्वविद्यालय का संघटक महाविद्यालय है और पिछले 112 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, महाविद्यालय में पहले से एक छात्रावास मौजूद है, जिसमें करीब 220 छात्राओं के रहने की सुविधा है। अब 248.30 लाख रुपये की लागत से त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत एक और महिला छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। नए भवन में 112 छात्राओं के रहने की व्यवस्था होगी।
सरकार के इन फैसलों को प्रदेश में महिलाओं के लिए सुरक्षित आवास और छात्राओं के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।







