Newshaat_Logo

आंगनवाड़ी कर्मियों के लिए योगी सरकार का बड़ा ऐलान, मानदेय बढ़ा तो खिले चेहरे; परिवार को मिलेगा कैशलेस इलाज

 
आंगनवाड़ी कर्मियों के लिए योगी सरकार का बड़ा ऐलान, मानदेय बढ़ा तो खिले चेहरे; परिवार को मिलेगा कैशलेस इलाज

UP News: उत्तर प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से की गई मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा के बाद खुशी का माहौल है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आंगनवाड़ी कर्मियों ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यकत्रियों का कहना है कि सरकार ने उनके बढ़ते दायित्वों को समझते हुए आर्थिक राहत देने के साथ परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा का भी ध्यान रखा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की। इसके अलावा कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और उनके परिवार को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने का भी ऐलान किया गया।

बच्चों और माताओं की देखभाल में अहम जिम्मेदारी

मीरजापुर के चिल्ह तृतीय आंगनवाड़ी केंद्र की कार्यकत्री विद्यादेवी ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के जरिए बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के साथ महिलाओं को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने का काम भी आंगनवाड़ी कर्मी करती हैं। ऐसे में मानदेय बढ़ाने का फैसला उनके लिए काफी खुशी की बात है। कैशलेस इलाज की सुविधा को उन्होंने परिवार के लिए भी बड़ी राहत बताया।

सहायिकाओं को भी आर्थिक राहत की उम्मीद

मीरजापुर के मलाधरपुर प्रथम आंगनवाड़ी केंद्र की सहायिका क्रांति देवी ने कहा कि मानदेय में वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा से सहायिकाओं का उत्साह बढ़ा है। उनके मुताबिक बढ़ा हुआ मानदेय घर की जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा और परिवार को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

वहीं अमोई द्वितीय आंगनवाड़ी केंद्र की कार्यकत्री संजीता देवी ने कहा कि मानदेय बढ़ने के साथ स्वास्थ्य सुविधा मिलने से उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को और बेहतर तरीके से निभाने की प्रेरणा मिलेगी।

नई कार्यकत्रियों में भी उत्साह

मेरठ की नव नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्री राखी ने कहा कि नियुक्ति मिलना उनके लिए पहले ही खुशी का अवसर था। अब मानदेय में बढ़ोतरी और परिवार के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा की घोषणा से यह खुशी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के फैसले से जिम्मेदारी निभाने का उत्साह भी बढ़ा है।

आंगनवाड़ी कार्यकत्री गीता ने कहा कि मानदेय में बढ़ोतरी सभी के लिए राहत भरा फैसला है। परिवार के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से बीमारी के समय आर्थिक बोझ कम होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने उनकी मेहनत और जिम्मेदारियों को महत्व दिया है।

‘मानदेय के साथ सम्मान भी मिला’

कार्यकत्री बबीता ने कहा कि सरकार ने मानदेय बढ़ाने के साथ उनके परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है। उन्होंने तीन साड़ियां दिए जाने के फैसले को भी उपयोगी बताया। उनके मुताबिक इन फैसलों से आंगनवाड़ी कर्मियों को आर्थिक राहत के साथ सम्मान का एहसास हुआ है।

मनोरमा ने कहा कि परिवार के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने से स्वास्थ्य संबंधी चिंता कम होगी। वहीं राजकली ने कहा कि सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की मेहनत और लंबे समय से निभाई जा रही जिम्मेदारियों का सम्मान किया है।

आंगनवाड़ी कर्मियों का कहना है कि सरकार की इन घोषणाओं से उन्हें आर्थिक सहारा मिलने के साथ अपने काम को और जिम्मेदारी से करने की प्रेरणा मिलेगी।