Newshaat_Logo

यूपी में माफिया नेटवर्क पर योगी सरकार का शिकंजा, अतीक की 345 करोड़ की संपत्तियां जब्त; मुख्तार की पत्नी पर भी केस

 
यूपी में माफिया नेटवर्क पर योगी सरकार का शिकंजा, अतीक की 345 करोड़ की संपत्तियां जब्त; मुख्तार की पत्नी पर भी केस

 

UP News: उत्तर प्रदेश में माफिया और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद, उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन और भाई अशरफ से जुड़ी करीब 345 करोड़ रुपये की 18 चल-अचल संपत्तियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, गाजीपुर में माफिया मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शां अंसारी के खिलाफ शस्त्र लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज गायब होने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आफ्शां अंसारी समेत तीन के खिलाफ FIR

गाजीपुर में आईएस-191 गैंग के सदस्यों और उनके सहयोगियों को जारी शस्त्र लाइसेंस की जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शां अंसारी के नाम जारी शस्त्र लाइसेंस संख्या 1054/पी-11 से संबंधित लाइसेंस और हथियार की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज अभिलेखागार से गायब मिले।

मामले में आफ्शां अंसारी के अलावा तत्कालीन पटल सहायक प्रथम बृजनारायण राम और तत्कालीन पटल सहायक द्वितीय भीष्म सिंह यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है।

पुलिस के अनुसार, इस लाइसेंस पर खरीदे गए एनपीबी रिवॉल्वर की मौजूदा स्थिति की भी जानकारी नहीं मिल सकी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी है।

51 लाइसेंस पर 145 हथियारों की खरीद-बिक्री की जांच

जांच में सामने आया है कि आईएस-191 गैंग से जुड़े लोगों को जारी 51 शस्त्र लाइसेंस के जरिए करीब 145 हथियारों की खरीद-बिक्री की गई थी। विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली, पंजाब और अरुणाचल प्रदेश में भी संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। इस दौरान कई लाइसेंस और क्रय-विक्रय से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। कुछ हथियारों की वर्तमान स्थिति का भी पता नहीं चल सका है।

इससे पहले मुख्तार अंसारी के बड़े भाई और गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी समेत दो तत्कालीन शस्त्र लिपिकों के खिलाफ भी इसी मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था।

अतीक से जुड़ी 18 संपत्तियों पर कार्रवाई

वहीं, प्रयागराज और आसपास के जिलों में अतीक अहमद के गैंग से जुड़ी संपत्तियों पर भी कार्रवाई जारी है। पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई में प्रयागराज, कौशांबी और लखनऊ स्थित मकान, आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंड, कृषि भूमि और वाहनों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। इसके अलावा अलग-अलग बैंकों में मौजूद 13 खातों की रकम भी सीज किए जाने की बात सामने आई है।

दस्तावेजों के मुताबिक, प्रयागराज के चकिया, करेली, झुंसी, धूमनगंज, कसारी-मसारी समेत कई इलाकों में स्थित संपत्तियों पर कार्रवाई की गई है। लखनऊ के गोमतीनगर और शेखपुर तथा कौशांबी की कुछ अचल संपत्तियां भी इस कार्रवाई में शामिल हैं।

123 करोड़ से ज्यादा की कृषि भूमि सबसे महंगी संपत्ति

अतीक से जुड़ी संपत्तियों में प्रयागराज के होलागढ़ स्थित कृषि भूमि सबसे अधिक मूल्य वाली बताई जा रही है। दस्तावेजों के अनुसार, इस जमीन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 123.28 करोड़ रुपये है।

यूपी में माफिया और उनके नेटवर्क से जुड़ी अवैध संपत्तियों और गतिविधियों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई के बीच अब मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद से जुड़े मामलों में पुलिस जांच का दायरा और बढ़ता नजर आ रहा है।