Newshaat_Logo

भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक पर योगी सरकार का बड़ा वार, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 66 करोड़ रुपये मंजूर

 
भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक पर योगी सरकार का बड़ा वार, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 66 करोड़ रुपये मंजूर

UP News: उत्तर प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने अनुपूरक बजट में भर्ती प्रक्रिया को तकनीकी रूप से मजबूत करने और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए 66 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया है। यह राशि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर खर्च की जाएगी।

UPSSSC का आईटी सिस्टम होगा हाईटेक

सरकार ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने के लिए 20.19 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस राशि से नए सर्वर, कंप्यूटर हार्डवेयर और जरूरी सॉफ्टवेयर खरीदे जाएंगे। साथ ही आयोग की वेबसाइट को इस तरह विकसित किया जाएगा कि आवेदन और परीक्षा परिणाम के दौरान बढ़ने वाले इंटरनेट ट्रैफिक को बिना किसी तकनीकी बाधा के संभाला जा सके। यह पूरी व्यवस्था यूपीडेस्को के माध्यम से तैयार की जाएगी।

पेपर लीक रोकने के लिए गोपनीय व्यवस्था पर विशेष फोकस

भर्ती परीक्षाओं की गोपनीयता और सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को 46.19 करोड़ रुपये दिए गए हैं। यह राशि ‘गुप्त सेवा व्यय’ के तहत खर्च की जाएगी। सरकार का कहना है कि इस फंड का उद्देश्य किसी खुफिया एजेंसी से जुड़ा नहीं है, बल्कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, परीक्षा प्रक्रिया की गोपनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। हाल के वर्षों में पेपर लीक की घटनाओं को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है।

टेक्सटाइल और खादी क्षेत्र को भी मिला बड़ा पैकेज

अनुपूरक बजट में पारंपरिक उद्योगों, हथकरघा, खादी और वस्त्रोद्योग को बढ़ावा देने के लिए 140 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है। इस धनराशि से टेक्सटाइल पार्कों का विकास, बुनकरों के लिए प्रोत्साहन योजनाओं का विस्तार, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के निर्माण कार्य और औद्योगिक आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा।

राकेश सचान बोले- उद्योग और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार पारंपरिक उद्योगों और बुनकरों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नई बजटीय व्यवस्था से टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश बढ़ेगा, आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी और बुनकरों व खादी कारीगरों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

योगी सरकार का मानना है कि इन कदमों से एक ओर भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के पारंपरिक उद्योगों को भी नई रफ्तार मिलेगी।