Newshaat_Logo

पटना में 400 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू, अब मरीजों को मिलेंगी कई आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

Bihar News: सरकार के अनुसार यह नया अस्पताल जी+5 भवन के रूप में विकसित किया गया है. भवन को आधुनिक स्वास्थ्य तकनीकों से लैस किया गया है ताकि मरीजों को एक ही परिसर में बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं मिल सकें. अस्पताल में डिजिटल टोकन मैनेजमेंट सिस्टम लगाया गया है, जिससे पंजीकरण और ओपीडी सेवाओं को व्यवस्थित किया जाएगा.
 
bihar

Bihar News: बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती देते हुए पटना में 400 बेड वाला नया सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू हो गया है. इस अस्पताल के शुरू होने से राजधानी समेत आसपास के जिलों के मरीजों को गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा. अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से लैस किया गया है.

bihar news

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नए भवन का लोकार्पण किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने की. यह अस्पताल राज्य में हड्डी, न्यूरो और ट्रॉमा से जुड़े गंभीर मरीजों को आधुनिक इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है. सरकार का कहना है कि इस सुविधा के शुरू होने से बिहार के मरीजों को जटिल उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी. उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया और नवल किशोर यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. कार्यक्रम में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया.

सरकार के अनुसार यह नया अस्पताल जी+5 भवन के रूप में विकसित किया गया है. भवन को आधुनिक स्वास्थ्य तकनीकों से लैस किया गया है ताकि मरीजों को एक ही परिसर में बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं मिल सकें. अस्पताल में डिजिटल टोकन मैनेजमेंट सिस्टम लगाया गया है, जिससे पंजीकरण और ओपीडी सेवाओं को व्यवस्थित किया जाएगा. इससे मरीजों की प्रतीक्षा अवधि कम करने का भी प्रयास किया गया  है.

मरीजों को मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं

  • 400 बेड की अत्याधुनिक उपचार व्यवस्था
  • आधुनिक ऑपरेशन थिएटर
  • ICU और क्रिटिकल केयर यूनिट
  • 24×7 इमरजेंसी सेवा
  • उन्नत पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक लैब
  • डिजिटल एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई जैसी जांच सुविधाएं
  • विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा इलाज
  • हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल सर्जरी समेत कई सुपर स्पेशियलिटी विभागों की सुविधा.

मरीजों को होगा बड़ा फायदा

अस्पताल के संचालन से पटना, नालंदा, भोजपुर, वैशाली, सारण, बक्सर और आसपास के कई जिलों के मरीजों को उच्च स्तरीय इलाज स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा. इससे दिल्ली, कोलकाता या अन्य बड़े शहरों में इलाज के लिए जाने की जरूरत कम होगी और इलाज में समय व खर्च दोनों की बचत होगी.

स्वास्थ्य ढांचे को मिलेगी मजबूती

बिहार सरकार लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है. नए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के शुरू होने से राज्य में उन्नत चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता बढ़ेगी और गंभीर मरीजों को बेहतर एवं समय पर उपचार मिल सकेगा.