'तेजस्वी की सोच से बना पुल', नीतीश सेतु के उद्घाटन पर सुधाकर सिंह ने उठाए सवाल
नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर बिहार में सियासी घमासान तेज हो गया है. RJD सांसद सुधाकर सिंह ने विरोध-प्रदर्शन करने वाले समर्थकों का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने सही किया. उन्होंने आरोप लगाया कि पुल का उद्घाटन पहले ही हो चुका था और दोबारा कार्यक्रम आयोजित कर करोड़ों रुपये खर्च किए गए. सुधाकर सिंह ने पुल निर्माण का श्रेय तेजस्वी यादव की सोच को दिया और नीतीश कुमार के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर भी सवाल उठाए.
Politics on Kacchi Dargah–Bidupur Bridge: बिहार में नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के उद्घाटन के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शन को लेकर अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रदर्शन करने वाले राजद समर्थकों का समर्थन करते हुए कहा कि जो हुआ, वह विरोध था और ऐसा करने वालों ने सही किया।
सुधाकर सिंह ने उद्घाटन समारोह पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुल का उद्घाटन पहले ही हो चुका था। इसके बावजूद दोबारा कार्यक्रम आयोजित कर सिर्फ नामकरण किया गया और इस पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए।
'पहले उद्घाटन हो चुका था, दोबारा कार्यक्रम की क्या जरूरत थी?'
राजद सांसद ने कहा कि जब पुल का उद्घाटन पहले ही किया जा चुका था, तो दोबारा उद्घाटन समारोह आयोजित करने की क्या जरूरत थी? उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम के नाम पर सरकारी धन खर्च किया गया।
सुधाकर सिंह ने पुल का नाम गुरु गोविंद सिंह के नाम पर नहीं रखे जाने पर भी आपत्ति जताई। पोस्टर और बैनर हटाए जाने के मामले में उन्होंने कहा कि संभव है कि किसी ने उन्हें उखाड़ दिया हो। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को विरोध का हिस्सा बताते हुए प्रदर्शनकारियों का बचाव किया।
'तेजस्वी यादव की सोच से बन पाया नीतीश सेतु'
पुल के निर्माण का श्रेय तेजस्वी यादव को देते हुए सुधाकर सिंह ने कहा कि यह पुल तेजस्वी यादव की सोच का परिणाम है। उन्होंने नीतीश कुमार के उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं होने को लेकर भी टिप्पणी की।
राजद सांसद ने दावा किया कि नीतीश कुमार अपनी इज्जत बचाने के लिए कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के बेटे के साथ पहले धक्का-मुक्की हुई थी। ऐसे में मुख्यमंत्री के साथ भी ऐसी घटना होने की आशंका थी।
सुधाकर सिंह ने यह भी सवाल उठाया कि जब पुल का उद्घाटन पहले ही हो चुका था, तो तेजस्वी यादव को दोबारा आयोजित कार्यक्रम में किसने बुलाया था। उन्होंने समारोह को अनावश्यक बताते हुए कहा कि उनके नेता को ऐसे कार्यक्रम में शामिल होने की जरूरत नहीं थी।
मोतिहारी में 17 एकड़ जमीन को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप
नीतीश सेतु के विवाद के बीच सुधाकर सिंह ने मोतिहारी के पिपरा कोठी में 17 एकड़ जमीन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 300 करोड़ रुपये की कीमत वाली इस जमीन को वाटर पार्क बनाने के नाम पर सरकार हड़पना चाहती है।
सांसद के अनुसार, करीब दो महीने पहले इस जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य का विरोध करने पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि सूचना के अधिकार (RTI) के तहत परियोजना से जुड़ी जानकारी मांगी गई, तो जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि वहां कोई वाटर पार्क नहीं बनाया जा रहा है।
कोर्ट के स्टे के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने का दावा
सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि विवादित जमीन पर अदालत की ओर से रोक लगाए जाने के बावजूद निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने इस मामले में बीजेपी के पूर्व सांसद राधा मोहन सिंह की संलिप्तता का भी आरोप लगाया और भूमाफिया के शामिल होने की बात कही।
हालांकि, जमीन से जुड़े इन आरोपों और निर्माण कार्य की स्थिति पर संबंधित पक्षों का जवाब सामने आना बाकी है।
पीएम मोदी ने किया था नीतीश सेतु का उद्घाटन
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली जिले के दौरे के दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का उद्घाटन किया था। इस पुल को 'नीतीश सेतु' नाम दिया गया है। उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री ने पुल पर गमछा भी लहराया था।
इसके साथ ही वैशाली के राजापाकर में आयोजित जनसभा से प्रधानमंत्री ने बिहार को 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी थी। अब इस पुल के उद्घाटन, नामकरण और समारोह में हुए विरोध को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।







