Movie prime

बाढ़ के सादिकपुर में बड़ा हादसा टला, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के मंच पर धंसा लकड़ी का स्ट्रक्चर

 
Bihar news
Political news: पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सादिकपुर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के कार्यक्रम के दौरान मंच का एक हिस्सा अचानक धंस गया। गनीमत रही कि समय रहते सुरक्षाकर्मियों ने मंत्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

सादिकपुर में ‘विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह शामिल हुई थीं। उनके साथ बाढ़ विधायक डॉ. सियाराम सिंह भी मंच पर मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री लोगों से सीधे संवाद कर रही थीं और उनकी समस्याओं से जुड़े आवेदन ले रही थीं।

अधिक भीड़ बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंत्री से मिलने और फोटो खिंचवाने के लिए अचानक बड़ी संख्या में लोग मंच पर चढ़ गए। क्षमता से अधिक भार पड़ते ही लकड़ी से बना मंच एक तरफ से धंस गया। मंच धंसते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

सुरक्षाकर्मियों ने दिखाई मुस्तैदी

घटना के तुरंत बाद मंत्री श्रेयसी सिंह के सुरक्षाकर्मी हरकत में आए। उन्होंने बिना समय गंवाए मंत्री को सुरक्षित घेरे में लेकर मंच से नीचे उतार दिया। इस हादसे में मंत्री श्रेयसी सिंह और विधायक डॉ. सियाराम सिंह पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं आई।

आयोजकों की व्यवस्था पर सवाल

इस घटना के बाद कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। वीआईपी कार्यक्रम होने के बावजूद मंच की मजबूती की सही जांच न होना और भीड़ को नियंत्रित न कर पाना गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।

हादसे के बाद भी बना रहा संयम

मंच धंसने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। हालात को जल्द ही काबू में कर लिया गया। मंत्री ने भी संयम बनाए रखा और लोगों को आश्वस्त किया। बाद में कार्यक्रम की अन्य औपचारिकताएं पूरी की गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया और स्थिति को सामान्य करने में जुट गया।