Newshaat_Logo

बिहार की राजनीति में नया मोड़: “निशांत कुमार बनें CM?” नीतीश के पैतृक गांव से उठी आवाज, निशांत कुमार को लेकर गरमाई बहस...

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गांव से यह मांग उठी है कि निशांत कुमार को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाया जाए. गांव में इसको लेकर चर्चा और पोस्टरबाजी तेज है. हालांकि JDU ने अभी इसे व्यक्तिगत राय बताया है. क्या यह नई राजनीति की शुरुआत है या सिर्फ गांव तक सीमित आवाज...
 
BIHAR POLITICS

Nalanda: बिहार की राजनीति में एक नई चर्चा ने जोर पकड़ लिया है. मुख्यमंत्री Nitish Kumar के पैतृक गांव से यह आवाज उठी है कि अब निशांत कुमार को बिहार की कमान संभालनी चाहिए. गांव में लगे पोस्टर, लोगों की प्रतिक्रियाएं और स्थानीय स्तर पर हो रही चर्चा ने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है.

Nishant Kumar:जदयू कोटे के मंत्री बोले- निशांत कुमार राजनीति में आ रहे,  भाजपा बोली- स्वागत को तैयार - Bihar Cm Nitish Kumar Son Nishant Kumar  Political Entry Confirmed By Bihar Minister Jdu

'बिहार के अगले मुख्यमंत्री निशांत कुमार होंगे. अगर बीजेपी अपना मुख्यमंत्री बनाती है, तो बिहार का विनाश हो जाएगा, उनसे राज्य नहीं संभलेगा.' मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा स्थित कल्याण बिगहा के निवासियों ने निशांत कुमार के नाम पर मुहर लगा दी है. कल्याण बिगहा सीएम नीतीश कुमार का पैतृक गांव है, जहां के लोगों ने स्पष्ट रूप से कहा कि निशांत कुमार ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होने चाहिए.

'निशांत कुमार से बेहतर कोई नहीं': अवधेश कुमार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाते हैं. जब भी नीतीश कुमार नालंदा जाते हैं, वे अवधेश कुमार से मुलाकात अवश्य करते हैं. 'बिहार का अगला सीएम कौन होगा?' इसपर अवधेश कुमार ने कहा कि 'अगला मुख्यमंत्री निशांत कुमार को ही बनना चाहिए' उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में भी इसे लेकर नीतीश कुमार से बात हुई है. मुख्यमंत्री जदयू का ही होना चाहिए. जदयू में निशांत कुमार से बेहतर विकल्प कोई दूसरा नहीं है.

'बीजेपी से नहीं संभलेगा राज्य': राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी अपना मुख्यमंत्री बना सकती है और सम्राट चौधरी को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है. इस पर अवधेश कुमार ने कहा कि बीजेपी के मुख्यमंत्री से काम नहीं चलेगा. उनके अनुसार, नीतीश कुमार के अलावा कोई दूसरा राज्य नहीं चला सकता और उनके बाद उनके बेटे निशांत कुमार ही कुशलता से राज्य संभाल सकते हैं.

"अगर नीतीश कुमार के अलावा कोई दूसरा मुख्यमंत्री बना, तो यह 'सुशासन' नहीं रहेगा बल्कि 'दुशासन' में बदल जाएगा. आज रात के 12 बजे भी लड़का-लड़की बेखौफ बाहर निकल सकते हैं, लेकिन बाद में यह सब संभव नहीं हो पाएगा. फिर वह अमन-चैन नहीं रहेगा. निशांत कुमार को ही अगला मुख्यमंत्री होना चाहिए, क्योंकि उनके अलावा और कोई विकल्प नहीं है." -अवधेश कुमार, कल्याण बिगहा निवासी

'बीजेपी 5 साल से ज्यादा सरकार नहीं चला पाएगी': नीतीश कुमार के बिहार की सक्रिय राजनीति छोड़ने के कारणों पर चर्चा करते हुए अवधेश कुमार ने कहा कि बीजेपी उन पर दबाव बना रही है. उनके अनुसार, बीजेपी का कहना है कि 'आप (नीतीश कुमार) 2005 से सरकार चला रहे हैं, अब हमें मौका दीजिए' अवधेश कुमार ने आगे कहा, 'अगर बीजेपी का मुख्यमंत्री बन भी गया, तो वे अधिकतम 5 साल सरकार चला लेंगे, लेकिन इसके बाद वे चुनाव नहीं जीत पाएंगे.'

'बीजेपी में मुख्यमंत्री के लायक कोई नहीं': कल्याण बिगहा के निवासी पंकज कुमार भी निशांत कुमार को ही मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं. उन्होंने बीजेपी का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि निशांत कुमार उच्च शिक्षित हैं और वे बिहार को बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं. पंकज कुमार के अनुसार, 'बीजेपी में ऐसा कोई नेता नहीं है जो बिहार को संभाल सके. निशांत कुमार के नेतृत्व में बिहार और अधिक प्रगति करेगा.'

"बिहार का अगला मुख्यमंत्री निशांत कुमार को ही बनना चाहिए. उनके अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं होना चाहिए. सम्राट चौधरी से बिहार नहीं संभलेगा. निशांत कुमार एक शिक्षित इंजीनियर हैं. वे बिहार को उसी तरह आगे बढ़ाने का काम करेंगे, जैसे पिछले 20 वर्षों से विकास हो रहा है." -पंकज कुमार, कल्याण बिगहा निवासी

'निशांत के हाथ में बिहार की कमान': धर्मेंद्र कुमार ने कहा, 'हम सभी आम जनता निशांत कुमार को ही मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं. इसे लेकर लोग पटना तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं. बीजेपी अपना मुख्यमंत्री बनाना चाहती है, लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए. 'बिहार की कमान निशांत कुमार के हाथों में ही होनी चाहिए.'

आधी आबादी ने लगायी मुहर: सिर्फ पुरुष ही नहीं, बल्कि आधी आबादी (महिलाएं) भी नीतीश कुमार के बाद निशांत कुमार को ही मुख्यमंत्री बनते देखना चाहती है. कल्याण बिगहा में सिलाई का काम करने वाली खुशबू कुमारी का मानना है कि 'निशांत कुमार ही बिहार के अगले सीएम होंगे; बीजेपी के दावों से कुछ नहीं होने वाला.'

बच्ची देवी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, 'नीतीश कुमार के बाद बिहार के मुख्यमंत्री निशांत कुमार ही होंगे. अगर कोई दूसरा मुख्यमंत्री बना, तो बिहार का विनाश हो जाएगा.' अन्य महिलाओं का कहना है कि नीतीश कुमार ने बिहार की तस्वीर बदली है. उन्होंने याद दिलाया कि 'लालू यादव के समय ढिबरी (लालटेन) जलाकर काम चलाना पड़ता था, लेकिन आज पूरे गांव में बिजली की समुचित व्यवस्था है.'

गांव की महिलाओं ने सुरक्षा के मुद्दे पर भी अपनी राय रखी. उनका कहना है कि 'पहले बहू-बेटियां शाम ढलते ही घर से बाहर नहीं निकल पाती थीं, लेकिन अब वे बेखौफ कहीं भी आ-जा सकती हैं. नीतीश कुमार के शासन में कोई डर नहीं है.' बिहार का अगला सीएम निशांत कुमार को ही बनना चाहिए क्योंकि नीतीश और निशांत के अलावा राज्य में विकास का कोई दूसरा विकल्प नहीं है. बीजेपी से बिहार की स्थिति नहीं संभलेगी.

एकमात्र विकल्प निशांत कुमार: नीतीश कुमार के पैतृक गांव कल्याण बिगहा के निवासी मुख्यमंत्री की विकासवादी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उनके पुत्र निशांत कुमार को ही एकमात्र विकल्प मानते हैं. ग्रामीणों का बीजेपी नेतृत्व के प्रति अविश्वास और 'निशांत कुमार' पर अपार भरोसा राज्य की सक्रिय राजनीति में उनके भविष्य को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है.