बिहार चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की बड़ी चाल- पहली सूची में 11 उम्मीदवारों के नाम, सभी 243 सीटों पर अकेले उतरेगी AAP
Bihar bidhan Sabha chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में बेगूसराय, बांकीपुर, फुलवारीशरीफ, बक्सर, किशनगंज और सीतामढ़ी समेत 11 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।
राजधानी पटना स्थित एक होटल में सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिहार प्रभारी अजेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने यह सूची जारी की। पार्टी नेताओं ने साफ किया कि AAP बिहार की सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी, किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी।
‘केजरीवाल मॉडल’ से बदलेगा बिहार
कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने कहा कि AAP बिहार में भी दिल्ली और पंजाब की तरह ‘केजरीवाल मॉडल’ लागू करने का इरादा रखती है। पार्टी का फोकस पलायन, बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा-स्वास्थ्य सुधार जैसे मुद्दों पर रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने कहा- “बिहार को नई राजनीति की जरूरत है। आम आदमी पार्टी वही विकल्प लेकर आई है, जो जनता को सीधा लाभ दे सके।”
अन्य दलों में मंथन जारी
जहां एक ओर AAP ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है, वहीं दूसरी तरफ एनडीए और इंडिया गठबंधन में अब भी सीट शेयरिंग को लेकर माथापच्ची जारी है।
• महागठबंधन में सीट बंटवारे की घोषणा अगले दो-तीन दिनों में होने की संभावना जताई गई है।
• एनडीए में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पटना में लगातार बैठकें कर रहे हैं और जदयू नेता संजय झा ने कहा है कि “एक हफ्ते में तस्वीर साफ हो जाएगी।”
इस बीच, बसपा पहले ही तीन सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।
आम आदमी पार्टी की पहली सूची- 11 उम्मीदवारों के नाम

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि AAP की यह शुरुआती चाल बिहार के चुनावी माहौल को नया मोड़ दे सकती है, खासकर तब जब बाकी बड़े दल अभी भी उम्मीदवारों के चयन और सीट बंटवारे में उलझे हैं।







