Newshaat_Logo

अस्पताल से डिस्चार्ज होकर नीरज कुमार बोले- AICD मशीन से शॉक लगने के बाद बिगड़ी थी तबीयत, अब पूरी तरह स्वस्थ हूं

बिहार में एमएलसी चुनाव के बीच जनता दल यूनाइटेड के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पटना स्नातक सीट से जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
 
नीरज कुमार

बिहार में एमएलसी चुनाव के बीच जनता दल यूनाइटेड के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पटना स्नातक सीट से जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। तबीयत बिगड़ने के बाद सोमवार को उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी।

अस्पताल से नीरज कुमार व्हीलचेयर पर बाहर निकले। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपनी तबीयत बिगड़ने की वजह भी बताई। नीरज कुमार ने कहा कि उनकी AICD मशीन में शॉक लगा था, जिसके बाद वह वीटी यानी दिल से जुड़ी समस्या का शिकार हो गए। इसी वजह से उन्हें परेशानी हुई और अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।

नीरज कुमार ने बताया कि मेदांता अस्पताल में डॉक्टर प्रमोद कुमार की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टर ने स्वास्थ्य में सुधार के बाद उन्हें घर जाने की सलाह दी है। साथ ही तनावमुक्त जीवन जीने के लिए भी कहा है। नीरज कुमार ने कहा कि अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।

हालांकि, नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने के बाद जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने उनके बीमार होने पर सवाल उठाए थे। मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने दावा किया था कि नीरज कुमार को न तो बुखार है और न ही वह बीमार हैं। उन्होंने नीरज कुमार पर ड्रामा करने का आरोप भी लगाया था।

बता दें कि पटना स्नातक सीट पर इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार को जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह से कड़ी चुनौती मिल रही है। वहीं, मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार का साथ देने के बजाय अनुज सिंह का समर्थन किया है।

अनंत सिंह का आरोप है कि नीरज कुमार ने पिछले साल विधानसभा चुनाव में उनके खिलाफ काम किया था। ऐसे में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन नीरज कुमार को अस्पताल से छुट्टी मिलना जेडीयू के लिए राहत की खबर मानी जा रही है।