तेज प्रताप यादव–ऐश्वर्या राय तलाक केस में फिर सुलह की कोशिश, फैमिली कोर्ट में 24 फरवरी को निर्णायक सुनवाई- निजी विवाद ने फिर गरमाई सियासत
जानकारी के अनुसार पटना की फैमिली कोर्ट में 24 फरवरी को इस मामले की अगली सुनवाई तय है। अदालत की ओर से दोनों पक्षों को आपसी सहमति से समाधान तलाशने का एक और मौका दिया जाएगा।
तीसरी बार मध्यस्थता की कोशिश
तलाक मामले की सुनवाई फैमिली कोर्ट के प्रिंसिपल जज सुनील दत्त पांडेय की अदालत में होनी है। कोर्ट पहले भी दो बार मध्यस्थता की कोशिश कर चुका है, लेकिन दोनों बार बात नहीं बन सकी। अब तीसरी बार समझौते की पहल की जा रही है।
यह मामला पहले फैमिली कोर्ट से होते हुए हाईकोर्ट तक गया था। बाद में हाईकोर्ट ने रिव्यू पिटीशन खारिज करते हुए फैमिली कोर्ट को ही तय समय में मामले के निपटारे का निर्देश दिया था। अब फिर से निचली अदालत में सुनवाई जारी है।
पहले भी हुई थीं सुलह बैठकें
इस हाई प्रोफाइल विवाद में पहले भी दो बार समझौता बैठक हो चुकी है। एक बैठक कोर्ट के निर्देश पर पटना चिड़ियाघर में हुई थी, जबकि दूसरी एक होटल में रखी गई थी, जिसमें परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। बावजूद इसके सहमति नहीं बन पाई।
बताया जाता है कि तेज प्रताप यादव तलाक चाहते हैं, जबकि ऐश्वर्या राय तलाक के पक्ष में नहीं हैं।
आरोप और कानूनी पेच
इस मामले में पहले गंभीर आरोप भी लगे थे। ऐश्वर्या राय ने अपनी सास राबड़ी देवी पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। वहीं कानूनी जानकारों का कहना है कि यदि पर्याप्त सबूत पेश नहीं हुए तो तलाक याचिका खारिज भी हो सकती है। अदालत सबूत और परिस्थितियों के आधार पर फैसला करेगी।
गुजारा भत्ता और रहने को लेकर विवाद
फैमिली कोर्ट पहले अंतरिम गुजारा भत्ता देने का आदेश भी दे चुकी है। रहने के लिए दिए गए फ्लैट को लेकर भी दोनों पक्षों में विवाद रहा है। ऐश्वर्या की ओर से बेहतर आवास और अधिक मासिक भत्ते की मांग की गई है। दोनों की शादी 12 मई 2018 को हुई थी और कुछ महीनों बाद ही तलाक की अर्जी दायर कर दी गई थी।
दूसरी ओर अनुष्का विवाद भी चर्चा में
इधर अनुष्का यादव के मां बनने की खबर भी चर्चा में है। सोशल मीडिया पर बच्ची के जन्म और नामकरण की जानकारी सामने आई है। कुछ रिपोर्टों में तेज प्रताप यादव का नाम जोड़ा गया, लेकिन उन्होंने साफ तौर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है कि उनका अनुष्का या बच्ची से कोई संबंध नहीं है और यह सब उनके खिलाफ साजिश है।







