अनंत सिंह ने मान ली हार, बोले- हमको वोट बनाने का समय नहीं मिला, नीरज को बधाई नहीं देंगे
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए एमएलसी चुनाव में से 4 सीटों के नतीजे सामने आ गए हैं। देर रात पटना शिक्षक सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नवल किशोर यादव के हारने की सूचना आई। इस सीट पर बड़ा उलटफेर हो गया है। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार सिंह जीते हैं
अनंत सिंह ने कहा कि जनता मालिक है और भगवान है। हमको समय ही नहीं मिला। हार-जीत तो होता रहता है। हम पार्टी का सम्मान करते हैं और करते रहेंगे। अनंत सिंह ने कहा कि हमको वोट बनाने का समय कम मिला इसलिए हम हारे। हमको पूरे बिहार की जनता प्यार करती है। मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह बार-बार यह दोहराते रहे कि उन्हें पार्टी से नाराजगी नहीं है बल्कि नाराजगी सिर्फ नीरज कुमार से है।
अनंत सिंह ने कहा है कि नीरज कुमार दुलारचंद यादव केस को दिल्ली ले गए। इस वजह से उन्हे वहां जाना पड़ा। वो इस चुनाव में ज्यादा समय नहीं दे सके और वोटर नहीं बना सके। अनंत सिंह ने कहा कि मुझे नीरज कुमार से नाराजगी थी इसलिए मैंने अनुज सिंह को सपोर्ट किया था।
पटना स्नातक निर्वाचन सीट पर जदयू के समर्थक पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार को लगातार जीत की बधाई दे रहे हैं। हालांकि, अभी जीत का आधिकारिक ऐलान बाकी है। इस बीच अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में जो कुछ भी कहा उससे यह साफ हो गया है कि अनंत सिंह ने अपनी हार मान ली है। अनंत सिंह ने कहा कि हां, हम हार गए हैं। इस चुनाव में जो अपना वोटर बनाते हैं वहीं लोग वोट देते हैं। हमको वोट बनाने का समय नहीं मिला। इसलिए हम हार गए। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि वो नीरज कुमार को जीत की बधाई नहीं देंगे।







