शादी समारोह में शामिल होने प्रयागराज रवाना हुए अनंत सिंह, बोले- बेटी की शादी में लालू-तेजस्वी समेत सभी को देंगे न्योता
मोकामा विधायक अनंत सिंह आज पटना से प्रयागराज के लिए रवाना हुए। वे अपने पुराने मित्र पप्पू सलमान के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। पटना से निकलने के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि पप्पू सलमान उनके बेहद अच्छे और पुराने दोस्त हैं। उन्होंने कहा कि बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में उनके समर्थक हैं।
प्रयागराज जाने के दौरान रास्ते में बख्तियारपुर समेत कई जगहों पर अनंत सिंह के भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। उनके समर्थकों ने अलग-अलग स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है।
वहीं, बिहार विधानसभा की ओर से सात दिनों के भीतर सदस्यता समाप्त करने से जुड़े मामले में जवाब मांगे जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि वे शादी समारोह से लौटने के बाद अपना जवाब देंगे। उन्होंने कहा, "पहले अपना काम करूंगा, फिर जवाब दूंगा। इसमें कोई दिक्कत नहीं है।"
इस दौरान अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी को लेकर भी बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड देने के लिए वे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव समेत सभी नेताओं के घर जाएंगे। अनंत सिंह ने कहा, "नेतागिरी अपनी जगह है और बेटी की शादी अपनी जगह। शादी में सभी लोगों को बुलाएंगे।"
वहीं, तेजस्वी यादव के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार पर बिहार के बाढ़ पीड़ितों को अब तक सहायता और मुआवजा नहीं देने का आरोप लगाया था, अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले की फिलहाल जानकारी नहीं है। प्रयागराज से लौटने के बाद वे इस पर अपनी बात रखेंगे।







