Newshaat_Logo

अनंत सिंह बोले- ज्यादा खर्च नहीं होता, कोई थार तो कोई पंडाल लगवा देता, बताया जेल से आने के बाद क्या करेंगे

दुलारचंद हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है. इससे पहले मोकामा विधायक अपनी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर व्यस्त हैं.
 
अनंत सिंह

दुलारचंद हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है. इससे पहले मोकामा विधायक अपनी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर व्यस्त हैं. यह शाही शादी पिछले कई दिनों से चर्चा में है. शादी की तैयारियां जोर-शोर से हो रही है. इसके साथ ही अनंत सिंह मीडिया के सामने जमकर बयान दे रहे हैं.

अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को लग्जरी कार डिफेंडर गिफ्ट करने वाले हैं. इतना ही नहीं, शिवांगी की शादी के लिए 10 बीघे में पंडाल बनाया जा रहा है. इस पंडाल को सजाने के लिए देश-विदेश से महंगे फूल मंगाए जा रहे हैं. शादी वाले दिन घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी की जाएगी. इसमें जीतने वाले को थार गिफ्ट किया जाएगा. ऐसे में एक मीडिया से बातचीत करते हुए अनंत सिंह ने खर्च के बारे में जानकारी दी.

शादी में होने वाले खर्च को लेकर मोकामा विधायक अनंत सिंह ने कहा, ज्यादा खर्चा नहीं होता है. सब दोस्त-यार कर देता है. कोई शामियाना करवा देता है तो कोई थार भेज देता है, तो कोई कुछ कर देता है. बहुत दोस्त-यार है. इस तरह से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कई मामलों में अपनी प्रतिक्रिया दी.

जेल जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि 25 नवंबर को बेटी की शादी है. इसके बाद जेल चले जायेंगे. जेल से जब रिहा होंगे तो उसके बाद बिहार घूमेंगे. इसके बाद ही यह तय करेंगे कि आखिर आगे क्या करना है. साथ ही उन्होंने यह बात फिर से कही कि उन्हें जेडीयू से निकाले जाने का कोई गम नहीं है. पार्टी के लिए काम किए, हर मुश्किल घड़ी में साथ दिए और आखिर में बाहर कर दिया गया।