Newshaat_Logo

अनंत सिंह ने नवल किशोर यादव को बांधकर पीटा था, आरजेडी कैंडिडेट डॉ. संजीव कुमार के दावे से गरमाई बिहार की राजनीति

बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच पटना सेंट्रल मॉल की जमीन और अनंत सिंह से जुड़ा पुराना विवाद फिर चर्चा में आ गया है.
 
संजीव चौरसिया

बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच पटना सेंट्रल मॉल की जमीन और अनंत सिंह से जुड़ा पुराना विवाद फिर चर्चा में आ गया है. राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा एमएलसी नवल किशोर यादव को लेकर एक बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि अनंत सिंह ने कभी नवल किशोर यादव को बांधकर पीटा था. संजीव कुमार के इस बयान से चुनावी माहौल में नया विवाद खड़ा हो गया है.

यह मामला ऐसे समय में उठा है, जब बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर चुनाव होना है. डॉ. संजीव कुमार पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद के उम्मीदवार हैं. वहीं, नवल किशोर यादव इसी सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं. ऐसे में दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी ने चुनावी मुकाबले को और चर्चा में ला दिया है

डॉ. संजीव कुमार पेशे से चिकित्सक हैं. वह पहले परबत्ता से जदयू के विधायक रह चुके हैं. अब राजद ने उन्हें पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है.

मीडिया से बातचीत में संजीव कुमार ने दावा किया कि नवल किशोर यादव को अनंत सिंह की मार आज तक याद है. उन्होंने कहा कि पटना सेंट्रल मॉल के लिए अनंत सिंह ने जब जमीन खरीदी थी, उस समय नवल किशोर यादव वहां बार चलाते थे.

संजीव कुमार के मुताबिक, नवल किशोर यादव अपने लोगों के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे. इसी दौरान अनंत सिंह ने उनकी पिटाई की और उन्हें बांधकर गाड़ी में बैठाकर वहां से हटा दिया.

डॉ. संजीव कुमार ने यह भी दावा किया कि अनंत सिंह का नाम सुनते ही नवल किशोर यादव की परेशानी की वजह वही पुरानी घटना है

बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होना है. पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने नवल किशोर यादव को उम्मीदवार बनाया है. वहीं, राजद की ओर से डॉ. संजीव कुमार चुनाव मैदान में हैं.

ऐसे में एक उम्मीदवार की ओर से दूसरे नेता को लेकर किया गया यह दावा चुनावी चर्चा का हिस्सा बन गया है. संजीव कुमार का बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों दलों के उम्मीदवार अपनी-अपनी जीत के लिए प्रचार कर रहे हैं.